बाल अपराधियों के साथ सहृदयता से पेश आएं : आइजीपी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आइजीपी) स्वयं प्रकाश पाणि ने मंगलवार को पु
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आइजीपी) स्वयं प्रकाश पाणि ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों व जवानों को बाल अपराधियों और पत्थरबाजी में लिप्त किशोरों के साथ सहृदयता से पेश आने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रत्येक पुलिस थाने में एक जुवेनाइल यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कहा। इसके साथ ही शांति और कानून व्यवस्था का वातावरण बनाए रखने में जन सहयोग की भूमिका का जिक्र करते हुए आम लोगों से सहयोग व संवाद बढ़ाने को भी कहा।
आइजीपी ने उत्तरी कश्मीर के बारामुला व सोपोर में पुलिस दरबार के दौरान पुलिस अधिकारियों व जवानों को संबोधित करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल अपराधियों को पेशेवर अपराधियों की तरह नहीं समझा जाना चाहिए। उनके साथ पूरी समझदारी दिखाते हुए उन्हें सही और गलत का फर्क समझाया जाना चाहिए। उनके खिलाफ बाल अधिनियम का पूरा पालन किया जाए। उन्होंने प्रत्येक पुलिस स्टेशन में जुवेनाइल यूनिट स्थापित करते हुए जुवेनाइल पुलिस अधिकारी को नियुक्त करने के लिए भी कहा ताकि सही तरीके से कार्रवाई हो सके।
उन्होंने बारामुला व सोपोर में जवानों और अधिकारियों को उनकी सभी तर्कसंगत समस्याओं को यथाशीघ्र हल करने का यकीन दिलाया। आइजीपी ने कानून व्यवस्था बनाए रखने से लेकर आतंकरोधी अभियानों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस कर्मियों व अधिकारियों को सराहते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर दुनिया की गिनी चुने पेशेवर पुलिस में गिनी जाती है। यह कई मोर्चो पर अपनी जिम्मेदारी निभाती है।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जनमहत्व से जुड़ी पुलिस की गतिविधियों में आम लोगों से भी समन्वय बनाया जाना चाहिए। उन्होंने जवानों व अधिकारियों को जनता के प्रति समर्पण की भावना से काम करने को कहा। उन्होंने उत्तरी कश्मीर में शांति और विधि व्यवस्था बनाए रखने में बारामुला व सोपोर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि शांति व स्थिरता समाज के हर वर्ग के हित में है। इसलिए कश्मीर में स्थायी शांति की बहाली के लिए समाज और पुलिस को आपस में मिलकर काम करना होगा।
बारामुला व सोपोर में पुलिस अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कानून व्यवस्था, सुरक्षा परिदृश्य और आतंकरोधी अभियानों की रणनीति का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए अधिकारियों को जवानों के कल्याण का विशेष ध्यान रखने को कहा।