अफीम की फसल नष्ट करने के लिए अल्टीमेटम
कश्मीर में प्रशासन ने लोगों को एक सप्ताह के भीतर अफीम की फसल नष्ट करने का अल्टीमेटम दिया है। पुलवामा में जिला प्रशासन ने अफीम की खेती के बारे में सूचना देने के लिए हेल्पलाइन भी शुरू किया है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कश्मीर में प्रशासन ने लोगों को एक सप्ताह के भीतर अफीम की फसल नष्ट करने का अल्टीमेटम दिया है। पुलवामा में जिला प्रशासन ने अफीम की खेती के बारे में सूचना देने के लिए हेल्पलाइन भी शुरू किया है।
जिला उपायुक्त पुलवामा डॉ. राघव लंगर ने बुधवार को इस संदर्भ में संबंधित अधिकारियों की एक बैठक भी ली। बैठक में बताया गया कि पुलवामा के विभिन्न हिस्सों में 1762 कनाल जमीन पर अफीम की खेती हो रही है। इसे रोकने के लिए कई बार राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग ने मिलकर अभियान चलाया है। कई लोगों को पकड़ा भी गया है। कुछ समय तक खेती बंद रहती है। बाद में दोबारा शुरू हो जाती है।
डॉ. राघव लंगर ने जिले में लोगों के बीच अफीम के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पैदा कर इसे समाप्त करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व विभाग को अफीम की खेती वाले इलाकों की एक सूची तैयार करने का निर्देश दिया। नकदी फसलों के लिए सब्जियां उगाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। डॉ. राघव ने कहा कि अगर तमाम चेतावनियों के बावजूद कोई अफीम की फसल नष्ट नहीं करता है तो उसकी फसल को नष्ट करने के साथ उसके खिलाफ कठोर कानूनी कर्रवाई की जाए। इसके साथ ही आम लोगों के बीच टेलीफोन नंबर : 01933-242442 और 241240 के प्रति जागरूकता पैदा की जाए। उन्हें बताया जाए कि वह इन नंबरों पर किसी भी समय फोन कर अपने इलाके में अफीम की खेती और उसके कारोबार से जुड़े लोगों के बारे में सूचित कर सकते हैं।