Cleaning Drive in Dal : डल झील की सफाई के लिए मंगवाए जा रहे हैं आवश्यक मशीनें : उपराज्यपाल
डल झील सफाई के लिए जो प्रयास किए जाने चाहिए थे नहीं किए गए हैं। यह कश्मीर का गौरव और पहचान है। हम इसके संरक्षण और इसकी सफाई के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। इसमें उगी हानिकारक बूटियों को हटाने के लिए आवश्यक मशीनें मंगवा रहे हैं।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो : उपराज्यपाल मनाेज सिन्हा ने शनिवार को डल झील के स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि मुझे यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि इस झील के संरक्षण और सफाई के लिए जो प्रयास किए जाने चाहिए थे, नहीं किए गए हैं। यह कश्मीर का गौरव और पहचान है। हम इसके संरक्षण और इसकी सफाई के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें फैले कचरे को हटाने, इसमें उगी हानिकारक बूटियों को हटाने के लिए आवश्यक मशीनें मंगवा रहे हैं।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य में उपराज्यपाल मनोह सिन्हा ने डल झील के स्वच्छता अभियान के लिए नौकाएं व मोटरबोट हरी झंडी दिखाकर रवाना की। उन्होंने खुद भी एक मोटरबोट में सवार हो झील के विभिन्न हिस्सों का दौरा करते हुए, झील की सतह पर तैरते कचरे को हटाकर अन्य को भी स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों के छात्रों और नागरिक समाज के विभिन्न सदस्यों और डल की सफाई के लिए जमा हुए स्वयंसेवकों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस अवसर पर डल की स्वच्छता, संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलण को बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। डल झील समेत सभी प्राकृतिक स्रोेतों का संरक्षण और उनकी स्वच्छता एक सामुदायिक जिम्मेदारी है। इसमें जनता को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव को प्रकृति के साथ सौहार्द के साथ रहना चाहिए। प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए, विकासात्मक गतिविधियों को पर्यावरण के अनुकूल होना चाहिए। उन्होेंने सभी से डल झील के स्वच्छ बनाए रखने के लिए श्रमदान अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को बचाए रखने के लिए महात्मा गांधी के आदर्शाें का पालन करना चाहिए।
सिन्हा ने यह भी कहा कि हमारी सरकार डल झील के संरक्षण के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। डल झील में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में करीब एक हजार नौकाएं और दो हजार लोग हिस्सा ले रहे हैं। उपराज्यपाल ने बताया कि पूरे प्रदेश में 15 दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें हम सभी से भाग लेने का आग्रह करते हैं।