जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पाच दिन के लिए बंद किया गया
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को पांच दिन के लिए बंद कर दिया गया है। रामबन जिले में केला मोड़ पर राजमार्ग की सुरक्षा दीवार ढह गई है। इसकी मरम्मत के लिए आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
जागरण संवादाता, ऊधमपुर: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को पांच दिन के लिए बंद कर दिया गया है। रामबन जिले में केला मोड़ पर राजमार्ग की सुरक्षा दीवार ढह गई है। इसकी मरम्मत के लिए आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इससे कश्मीर का शेष दुनिया से सड़क संपर्क कट गया है। सिर्फ आपात स्थिति में ही वाहनों को जाने दिया जाएगा। राजमार्ग पर भूस्खलन रविवार की शाम करीब सवा छह बजे हुआ था। यह स्थान रामबन जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर आगे कश्मीर की तरफ है।
राजमार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। सोमवार को निर्माण कंपनी के अधिकारियों के साथ प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया है। मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है। भूस्खलन से सुरक्षा दीवार तो ढह गई है, साथ ही भारी मलबा भी गिरा है। मलबा हटाए जाने के बाद पहाड़ी की तरफ की सुरक्षा दीवार फिर से बनाने का काम शुरू होगा। निर्माण एजेंसियों के मुताबिक मरम्मत में करीब पाच दिन लगेंगे। इसलिए आपात स्थिति को छोड़कर जम्मू से कश्मीर या कश्मीर से जम्मू आने वाला कोई वाहन नहीं निकल पाएगा। हालांकि, रामबन तक केवल यात्री वाहन ही जा सकेंगे। ऊधमपुर के डीएसपी ट्रैफिक हिम्मत सिंह ने कहा कि किसी भी निजी वाहन को केवल आपात स्थिति में ही छोड़ा जाएगा। पहाड़ी पर पैदल ही सफर
भूस्खलन से प्रभावित हिस्से पर राजमार्ग भले ही बंद हो, लेकिन इसके दोनों ओर यात्री वाहनों का आवागमन है। इसलिए लोग दो किलोमीटर तक पहाड़ी पर सफर आरपार हो रहे हैं। यानी मंजिल तक पहुंचने के लिए यात्री एक वाहन से भूस्खलन स्थल से पहले उतर जाते हैं। इसके बाद पहाड़ी पर पैदल चलकर दूसरी तरफ पहुंचते हैं और वहां दूसरे वाहन में बैठकर आगे रवाना होते हैं।