इसी हफ्ते पेश हो सकता है जम्मू कश्मीर का बजट
जम्मू कश्मीर का वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट इसी सप्ताह लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया जा सकता है। इसी सिलसिले में मंगलवार को जम्मू कश्मीर से वित्त विभाग के आला अधिकारियों का एक दल दिल्ली रवाना हो गया है। केंद्र शासित जम्मू कश्मीर में विधानसभा का गठन नहीं हुआ है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : जम्मू कश्मीर का वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट इसी सप्ताह लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया जा सकता है। इसी सिलसिले में मंगलवार को जम्मू कश्मीर से वित्त विभाग के आला अधिकारियों का एक दल दिल्ली रवाना हो गया है।
केंद्र शासित जम्मू कश्मीर में विधानसभा का गठन नहीं हुआ है। इसी कारण यह बजट संसद द्वारा पारित किया जाना है। मौजूदा वित्त वर्ष के बजट को भी 17 मार्च, 2020 में संसद ने ही पारित किया था। इससे पूर्व 2019-20 का बजट भी संसद ने पारित किया था, लेकिन वह जम्मू कश्मीर राज्य का बजट था। जम्मू कश्मीर राज्य पाच अगस्त 2019 को लागू जम्मू कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के तहत 31 अक्टूबर 2019 को दो केंद्र शासित राज्यों में पुनर्गठित हो चुका है। सूत्रों ने बताया कि वित्त आयुक्त वित्त अरुण कुमार मेहता, बजट महानिदेशक मोहम्मद याकूब इट्टु, उपनिदेशक बजट शफात याहिया व जावेद मकबूल खाडे दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि 17 मार्च, 2020 को केंद्रीय वित्त मंत्री ने केंद्र शासित जम्मू कश्मीर के लिए वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 1.01 लाख करोड़ का बजट संसद में पेश किया था जो अब तक का जम्मू कश्मीर के लिए सबसे बड़ा बजट माना जाता है। बीते माह संसद में वर्ष 2021-22 का आम बजट पेश करे हुए केंद्रीय वित्त मंत्री ने उसमें केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश के लिए 30757 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। बजट पारित होने तक दिल्ली में रहेंगे अधिकारी
सूत्रों ने बताया कि प्रदेश के बजट को पेश किए जाने से पूर्व उसमें कुछ आवश्यक संशोधन किए जाने हैं। इसी संदर्भ में प्रदेश से वित्त विभाग के अधिकारी दिल्ली गए हैं। यह अधिकारी संसद में बजट के पारित होने तक दिल्ली ही रहेंगे।