जम्मू-कश्मीर: बर्फबारी में फंसे 160 गुजरातियों को सुरक्षित निकाला
कश्मीर के काजीगुंड में भारी बर्फबारी के कारण फंसे गुजरात के 160 लोगों के लिए पुलिस मसीहा बनकर आई। पुलिस ने सभी लोगों को सुरक्षित निकाल उन्हें मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए भेजा
जम्मू, राज्य ब्यूरो। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में भारी बर्फबारी के कारण फंसे गुजरात के 160 लोगों के लिए पुलिस मसीहा बनकर आई। पुलिस ने अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित निकाल उन्हें मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए भेज दिया।
गुजरात के लोगों का एक दल कश्मीर घुमने गया था, लेकिन वहां भारी बर्फबारी के कारण ये लोग काजीगुंड में फंस गए। यह लोग तीन बसों और तीन छोटी गाडि़यों में आए थे। गाडि़यों के बर्फ में फंस जाने से सभी लोग काजीगुंड में फंस गए। पुलिस को जब जानकारी मिली तो उन्होंने सभी लोगों को सुरक्षित निकाला और उन्हें ट्रेन से बनिहाल भेज दिया।
बनिहाल में रामबन की सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अनिता शर्मा और सिविल प्रशासन ने सभी लोगों को एक दिन रेलवे के आवास में रखा और इनके लिए खाने-पीने की भी व्यवस्था की।
सोमवार को पुलिस ने इन सभी को अपनी गाडि़यों में कटड़ा के लिए रवाना किया ताकि यह लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सकें। पुलिस से मिली मदद से गुजरात के यह लोग काफी खुश थे। उनका कहना था कि उनके साथ महिलाएं और बच्चे भी थे। अगर पुलिस ने उनकी मदद नहीं की होती तो उनके लिए सुरक्षित निकलना मुश्किल था। एसएसपी ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
36 घंटों से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी
राजौरी और पुंछ दोनों जिलों में पिछले 36 घंटों से बारिश और बर्फबारी जारी है। इससे कई सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजौरी और पुंछ दोनों जिलों में, शनिवार की देर शाम से भारी वर्षा शुरू हुई और सोमवार शाम तक लगातार जारी रही। खराब मौसम की स्थिति के कारण कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। जानकारी के अनुसार, थन्ना मंडी सुरनकोट सड़क डीकेजी में भारी बर्फ गिरने के कारण बंद है, कंडी खब्बास रोड कंडी गली में बर्फ गिरने के कारण बंद है, कंडी जमोला रोड, सुरनकोट में बुफलेयाज मार्ग, सब्जियां सड़क मार्ग सहित अन्य कई मार्ग भी बंद हो गए है।
डीएसपी ट्रैफिक मुहम्मद जुबैर मिर्जा ने बताया कि कई लिंक रोड और कुछ मुख्य सड़कें, जिनमें चंडीगढ़ से माडा, थन्ना मंडी से सुरनकोट मार्ग शामिल हैं। उन्होंने कहा, फिसलन की स्थिति के कारण कुछ अन्य सड़कें बंद पड़ी हैं। हालांकि अन्य सभी सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, जिसमें विशेष रूप से जम्मू पुंछ राजमार्ग शामिल है। दूसरी ओर भूस्खलन से राजौरी कंड बुद्धल मार्ग सोमवार दोपहर ढाई घंटे तक बंद रहा।