महाराजा हरि सिंह अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर
तीमारदारों से मारपीट का मामला एक दिन पहले भी हुई थी मारपीट
राज्य ब्यूरो, जम्मू: श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल में डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच हुई हाथापाई के बाद डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस हालात में उनके लिए काम करना मुश्किल है। जीएमसी श्रीनगर की प्रिसिपल डॉ. बिलाल ने इन घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
यह घटना एक दिन पहले शनिवार की है। अस्पताल के डॉक्टरों ने आरोप लगाया था कि उन पर कुछ तीमारदारों ने हमला किया। डॉक्टरों को समझाबुझाकर फिर से काम पर लिया गया था, लेकिन अभी कुछ घंटे हुए ही थे कि एक बार फिर से कुछ तीमारदारों के साथ डॉक्टरों की कहासुनी हो गई। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के कार्डियालोजी विभाग में दो डॉक्टरों और एक सुरक्षाकर्मी के साथ कुछ तीमारदारों ने हाथापाई की है।
अस्पताल में सीनियर रेजीडेंट डॉ. बिलाल अहमद ने बताया कि कार्डियालोजी वार्ड में एक मरीज की हालत बहुत ही गंभीर थी। उसे एक रेजीडेंट डॉक्टर देख रहा था। कुछ तीमारदारों ने उसे बुरी तरह से पीट दिया। उसके कंधे में चोट आई है और बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इसके बाद जब एक सुरक्षाकर्मी को डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया तो उसे भी पीट दिया गया। इसके बाद एक और डॉक्टर वहां गया तो उसके साथ भी मारपीट हुई। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक मारपीट करने वाले तीमारदार वहां से भाग गए थे। डॉ. बिलाल ने कहा कि डॉक्टर काम पर तभी जाएंगे, जब उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई जाएगी और काम करने का माहौल उपलब्ध करवाया जाएगा। इस हालात में काम करना मुश्किल है।
----