कश्मीर में भारत के मन की बात, मोदी के साथ अभियान शुरू
लोगों की राय से संसदीय चुनाव का संकल्प पत्र बनाने की मुहिम के तहत भाजपा का 'भारत के मन की बात, मोदी के साथ' अभियान कश्मीर के श्रीनगर में शुरू हो गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्य प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने बुधवार को श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का ध्वज फहराकर 'मेरा परिवार, भाजपा परिवार' अभियान भी लांच किया। इसके तहत भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घर पर भाजपा के झंडे लगाए जाएंगे। उनके साथ प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा व पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : लोगों की राय से संसदीय चुनाव का संकल्प पत्र बनाने की मुहिम के तहत भाजपा का 'भारत के मन की बात, मोदी के साथ' अभियान कश्मीर के श्रीनगर में शुरू हो गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्य प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने बुधवार को श्रीनगर में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का ध्वज फहराकर 'मेरा परिवार, भाजपा परिवार' अभियान भी लांच किया। इसके तहत भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घर पर भाजपा के झंडे लगाए जाएंगे। उनके साथ प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा व पार्टी के कई नेता भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान लांच किए भाजपा के वीडियो रथ श्रीनगर में लोगों से संकल्प पत्र भरवाएंगे। रथों में प्रधानमंत्री को 'मन की बात' सुनाने के लिए वीडियो रिकार्डिग की व्यवस्था है।
अविनाश राय खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा से लोगों की उम्मीदों को जानने के लिए 22 व्यापारी और औद्योगिक संगठनों से बैठक की। देश में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। बैठक में केसर उत्पादक, हस्तशिल्प, फ्रूट, गाइड, ट्रांसपोर्ट, बाजार, उद्योग, दर्जी, श्रमिक, पीएचई, गुर्जर, स्नो स्लेट, टूरिस्ट गाइड और अली असगर रिलीफ एंड ब्लड बैंक समेत कई यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम का आयोजन उत्तरी कश्मीर के भाजपा लाभार्थी इकाई के प्रभारी मुहम्मद अनवर खान व टीम ने किया था। इसी बीच वर्ष 2019 का विजन डाक्यूमेंट के लिए श्रीनगर के कई व्यापारियों ने भाजपा के रथ बाक्स में सुझाव भी दिए। प्रतिनिधिमंडलों को संबोधित करते खन्ना ने कहा कि भाजपा ने इस बार संसदीय चुनाव में 400 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। भाजपा के रथ लोगों के सुझाव हासिल कर रहे हैं। इसी बीच खन्ना ने कश्मीर में संसदीय चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा को मजबूत बनाने के मुद्दे पर पार्टी नेताओं संग बैठक भी की। उनके साथ राज्य प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर और श्रीनगर जिला प्रधान आरिफ राजा आदि भी मौजूद रहे।