LOC Ceasefire: पाकिस्तानी सेना ने किया सीजफायर का उल्लंघन, एक जवान शहीद, 2 घायल
पाकिस्तानने जम्मू-कश्मीर में पुंछ में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक आम नागरिक घायल हो गया है।
श्रीनगर, पीटीआई। पाक नियंत्रण रेखा पर उकसावे की कार्रवाई कर रहा है। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में पुंछ में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की, जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक आम नागरिक घायल हो गया है। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दाग कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सैनिकों ने मेंढर सेक्टर में भी गोलीबारी की। इस गोलीबारी के कारण पिछले एक हफ्ते में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना पड़ा है।
पाकिस्तान ने पुंछ जिले के किरनी सेक्टर में शाहपुर के पास नियंत्रण रेखा पर फायरिंग की। इसकी चपेट में आकर एक जवान की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पाकिस्तान ने गोलियों और मोर्टार से भारतीय ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की लेकिन नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस हरकत का जोरदार जवाब दिया है। भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई पोस्ट ध्वस्त हो गए हैं। हालांकि गोलीबारी की चपेट में आकर एक सैनिक शहीद हो गया, जबकि दो घायल हो गए हैं।
बता दें कि सेना के मुताबिक पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी कर रहा है।12 जून को भी पाकिस्तान की सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगे दो सेक्टरों की अग्रिम चौकियों और गांवों में फायरिंग की थी और संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। पिछले बृहस्पतिवार को राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा के पास लगे गांवों और में भी पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया था।