बॉलीवुड अभिनेत्री गरिमा गोयल बोलीं फिल्मों के लिए आदर्श जगह है कश्मीर की वादियां
कश्मीर इन दिनों बर्फ से लदा हुआ है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक पर बर्फ की चादर बिछी हुई है। ऐसे में हर कोई यहां के खूबसूरत नजारों को देखने के लिए आकर्षित हो रहा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू: कश्मीर इन दिनों बर्फ से लदा हुआ है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक पर बर्फ की चादर बिछी हुई है। ऐसे में हर कोई यहां के खूबसूरत नजारों को देखने के लिए आकर्षित हो रहा है। इनमें देश विदेश से आने वाले पर्यटकों के अलावा बॉलीवुड सितारे भी शामिल हैं। यहां के दिलकश नजारे उन्हें फिर से यहां की हसीन वादियों को कैमरे में कैद करने के लिए विवश कर रहे हैं। इससे कश्मीर में एक नई उम्मीद भी पैदा हो रही है।
बॉलीवुड को हाल ही में छोड़ने वाली सना खान शादी के बाद अपने पति के साथ कुछ दिन पहले ही कश्मीर में पहुंची थीं। उन्होंने यहां पर हो रही बर्फबारी के फोटो सोशल साइट पर भी साझा किए थे। उन्होंने कश्मीर की खूबसूरती का जिक्र किया था। अब बॉलीवुड अभिनेत्री गरिमा गोयल कश्मीर में हैं। उन्होंने कश्मीर को फिल्म की शूटिग के लिए एक आदर्श स्थान करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म शूटिंग के लिए एक अद्भुत स्थान है और वह चाहती हैं कि अधिक फिल्म इकाइयां यहां आएं। गरिमा, जो शूटिंग के लिए नेटफ्लिक्स की टीम के साथ कश्मीर में हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने दोस्तों को मुंबई में प्रोडक्शन हाउस में अपना बैग पैक करने और कश्मीर में शूट करने का सुझाव देंगी। पोलैंड और स्विट््जरलैंड जैसी जगहों पर जाने के बजाय, कश्मीर में शूटिंग क्यों नहीं की जाती। गरिमा ने सुपर लौंडे और लिपस्टिक अंडर माय बुर्का जैसी बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया है। यही नहीं, वह तारक मेहता का उल्टा चश्मा, क्राइम पेट्रोल और टीवी शो अकबर बीरबल में भी दिखाई दी हैं। फिर नया इतिहास लिख रहा कश्मीर
पिछले कुछ महीनों में बॉलीवुड के कई सितारों के अलावा कई अन्य हस्तियां भी कश्मीर में आ चुकी हैं। इससे उस दौर के फिर से शुरू होने की उम्मीद बंधी है जो कि आतकंवाद से पहले हुआ करता था। शूटिग के लिए बॉलीवुड उनकी प्राथमिकता पर होता था। अब कश्मीर फिर नया इतिहास लिख रहा है। इस बार कोरोना संक्रमण के बावजूद कश्मीर में बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। पर्यटन विभाग भी उठा रहा कदम
पर्यटन विभाग और सरकार ने भी लोगों को आकर्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। यही कारण है कि पहली बार कई जगहों पर कश्मीर में क्रिसमस पर कार्यक्रम हुए। नववर्ष की पूर्व संध्या पर गुलमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर के होटलों में पर्यटकों का डेरा जमा हुआ था। यह वर्षो बाद देखने को मिला है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि कश्मीर में एक बार फिर से पहले जैसे ही नजारे देखने को मिल सकते हैं।