Move to Jagran APP

25 हजार सरकारी नौकरियों के जल्द खुलेंगे दरवाजे

राज्य ब्यूरो श्रीनगर प्रदेश के युवाओं के लिए खुशखबरी है। विभिन्न सरकारी विभागों में 2

By JagranEdited By: Published: Tue, 14 Jul 2020 08:21 AM (IST)Updated: Tue, 14 Jul 2020 08:21 AM (IST)
25 हजार सरकारी नौकरियों के जल्द खुलेंगे दरवाजे
25 हजार सरकारी नौकरियों के जल्द खुलेंगे दरवाजे

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : प्रदेश के युवाओं के लिए खुशखबरी है। विभिन्न सरकारी विभागों में 25 हजार पदों पर नौकरियों के दरवाजे खुलने वाले हैं। इन पदों के लिए प्रदेश प्रशासन जल्द ही भर्ती की घोषणा करने वाला है। रोजगार के मुद्दे पर उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने सोमवार को खुद ही यह बात कही है। इससे उम्मीद है कि नौकरियों की अधिसूचना कुछ ही दिनों में निकाल दी जाएगी।

loksabha election banner

राजभवन में एक संवाद एजेंसी के साथ बातचीत में उपराज्यपाल ने रोजगार से जुड़े मद्दों का खुद ही जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में विभिन्न सरकारी विभागों में अलग-अलग पदों के लिए 25 हजार भर्तियां होंगी। इसकी जल्द ही घोषणा होगी। पहले से निकाले गए 10 हजार पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भर्तियों का काम तेजी से करने के लिए एक समिति भी बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की उम्मीदों से कहीं ज्यादा प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य जम्मू कश्मीर को एक खुशहाल और विकसित प्रदेश बनाना है। कोरोना का संकट लगातार बढ़ रहा है। मेरी लोगों से अपील है कि वह इसके संक्रमण से बचने के लिए प्रशासन द्वारा जारी नियमावली का पालन करें। घरों से जब भी बाहर निकलें, मास्क पहनें। शारीरिक दूरी के सिद्धांत का पालन करें। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए दवाइयां भी बांटी जा रही हैं। धार्मिक नेता भी लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मीडिया नीति को तैयार करने से पहले मीडिया से जुड़े विभिन्न लोगों के साथ विस्तृत चर्चा हुई है। यह कहीं से भी मीडिया और प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ नहीं है। पत्रकारों की मान्यता के लिए मानदंडों को स्पष्ट किया है। हमारे लिए हर व्यक्ति की सुरक्षा जरूरी

उपराज्यपाल ने कहा कि सिर्फ राजनीतिक नेताओं या पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा ही अहम नहीं है, हमारे लिए प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा मायने रखती है। सुरक्षित और विश्वासपूर्ण माहौल के लिए हम पूरा प्रयास कर रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन पर आतंकी खतरे का निरंतर आकलन किया जाता है। बांडीपोरा में भाजपा नेता वसीम बारी और उनके पिता व भाई की हत्या करने वाले जल्द पकड़े जाएंगे। लगातार हो रहा विकास

जम्मू कश्मीर के पुनर्गठन के एक साल होने पर भी विकास का कोई स्पष्ट असर नजर न आने पर उन्होंने कहा कि विकास कार्य नियमित गति से जारी हैं। 2012 से लंबित पड़ी 40 प्रतिशत परियोजनाओं को एक साल में पूरा किया है। सड़कों पर तारकोल बिछाने और बिजली ढांचे में सुधार तेजी से चल रहा है। करीब दो से तीन माह तक यहां श्रमिकों और ठेकेदारों की कमी से काम कुछ प्रभावित हुआ होगा, लेकिन अब यह स्थिति नहीं है। जनता से सीधे जुड़े

उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन ने जनता के साथ सीधा संवाद करने के लिए ही सभी जिलों में जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान में लोग अपनी समयाओं को उठा सकते हैं। सरकार जनता से सीधे जुड़ी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.