पांच साल में आतंकी हमलों में 125 पुलिसकर्मी हो चुके शहीद
जम्मू कश्मीर प्रदेश में पहली जनवरी 2017 से अब तक 125 पुलिस अधिकारी और कर्मी विभिन्न आतंकी हमलों में वीरगति को प्राप्त हुए। सबसे ज्यादा 48 पुलिसकर्मी वर्ष 2018 में शहीद हुए। इसी अवधि के दौरान लगभग 920 आतंकी भी मारे गए हैं।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : जम्मू कश्मीर प्रदेश में पहली जनवरी 2017 से अब तक 125 पुलिस अधिकारी और कर्मी विभिन्न आतंकी हमलों में वीरगति को प्राप्त हुए। सबसे ज्यादा 48 पुलिसकर्मी वर्ष 2018 में शहीद हुए। इसी अवधि के दौरान लगभग 920 आतंकी भी मारे गए हैं। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में आतंकियों के खिलाफ लड़ाई में शहादत पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों में एक उपाधीक्षक, चार इंस्पेक्टर, पांच सब इंस्पेक्टर और छह असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हैं। इनके अलावा 24 सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल, 47 कांस्टेबल और 24 एसपीओ व पांच फालोअर हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में 32 पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे। साल 2018 में 46 पुलिसकर्मी बलिदानी हुए। सबसे कम 16 पुलिसकर्मी वर्ष 2020 में बलिदान हुए हैं। वर्ष 2019 में 11 पुलिसकर्मी बलिदान हुए थे। इस वर्ष अब तक 21 पुलिसकर्मी विभिन्न आतंकी हमलों में वीरगति को प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त 2018 को साथ चार पुलिसकर्मी शोपियां के अरहामा इलाके में हमले में शहीद हुए थे। यह पुलिसकर्मी उस समय वहां मैकेनिक के पास अपना वाहन ठीक करा रहे थे। इससे पूर्व जनवरी 2018 में सोपोर में चार पुलिसकर्मियों ने आतंकियों द्वारा किए गए आइईडी धमाके में शहादत पाई थी। इस वर्ष भी 14 दिसंबर को आतंकियों ने पुलिस दल पर बड़ा हमला घात लगाकर किया है। यह हमला श्रीनगर के जेवन इलाके में हुआ था। इसमें तीन पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए जबकि 11 अन्य जख्मी हुए। जेवन हमले से पूर्व 11 दिसंबर को आतंकियों ने बांडीपोर में पुलिसदल पर हमला किया था। इस हमले में दो पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे। बीते सप्ताह 23 दिसंबर को बिजबिहाड़ा में पुलिस एएसआई मोहम्मद अशरफ आतंकी हमले मे बलिदानी हुआ है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में सुरक्षाबलों के हाथों लगभग 920 आतंकी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। वर्ष 2017 में 213 आतंकी मारे गए थे। वर्ष 2018 में 185 आतंकी मारे गए । बीते साल करीब 200 आतंकी मारे गए थे। इस साल अभी तक 162 आतंकी मारे गए हैं।