10 वर्ष राजौरी शहर में भी गिरी बर्फ, बिजली ठप
पिछले पांच दिन से लगातार बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इसी बर्फबारी के बीच शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब राजौरी शहर में भी पांच से दस मिनट तक बर्फबारी हुई लेकिन बारिश होने से बर्फ जम नहीं पाई। वहीं राजौरी व पुंछ दोनों जिलों में बारिश व बर्फबारी का सिलसिला शनिवार शाम पांच बजे तक जारी रहा।
जागरण संवाददाता, राजौरी :
पिछले पांच दिन से लगातार बारिश व बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इसी बर्फबारी के बीच शनिवार की सुबह 11 बजे के करीब राजौरी शहर में भी पांच से दस मिनट तक बर्फबारी हुई, लेकिन बारिश होने से बर्फ जम नहीं पाई। वहीं राजौरी व पुंछ दोनों जिलों में बारिश व बर्फबारी का सिलसिला शनिवार शाम पांच बजे तक जारी रहा। बर्फबारी से आम लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई है। कई मार्गों पर बर्फ जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो चुकी है। इसके साथ साथ दोनों जिलों के अधिकतर क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई भी ठप चल रही है और पानी की सप्लाई भी बंद ही चल रही है, जिस कारण से लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि राजौरी शहर में लगभग दस वर्ष पहले बर्फ गिरी थी और उस समय रात के समय गिरी थी और बर्फ जमी भी थी, लेकिन शनिवार को पांच से दस मिनट बारिश के साथ ही बर्फबारी हुई और यह जम नहीं पाई है, लेकिन बर्फ गिरने से ठंड का प्रकोप काफी तेज हो चुका है। ठंड से बचने के लिए लोग आग का सहारा ले रहे है और बाजारों में भी इक्का दुक्का लोग ही नजर आ रहे हैं। दुकानदार भी जल्द ही अपनी दुकानों को बंद करके अपने घरों को जा रहे है।
वहीं बारिश व बर्फबारी के चलते राजौरी से थन्ना मंडी, राजौरी से गंभीर मुगला, राजौरी से बुद्धल, थन्ना मंडी से डेरा की गली, बीजी से पुंछ, कोटरंका से खब्बास मार्गों पर भारी बर्फ जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही ठप चल रही है। सड़कों पर जमा बर्फ को हटाने के लिए सीमा सड़क संगठन व लोक निर्माण विभाग के कर्मी जुटी हुए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार दोपहर तक अधिकतर मार्गों से बर्फ को हटाकर वाहनों की आवाजाही को बहाल कर लिया जाएगा।
ं बारिश व बर्फबारी के चलते राजौरी व पुंछ दोनों जिलों के अधिकतर क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई ठप चल रही है। राजौरी शहर के भी अधिकतर क्षेत्रों में बिजली की सप्लाई ठप चल रही है। बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मी बिजली की सप्लाई को बहाल करने के लिए प्रयास में जुटे हुए है। ताकि जल्द से जल्द बिजली की सप्लाई को बहाल किया जा सके।
पशु बाड़ा गिरा, चार बकरियों की मौत: मोगला क्षेत्र की पंचायत यूंघड़ियाल ईस्ट के वार्ड- दो स्थित गांव कलयार में शुक्रवार रात बारिश से एक पशु बाड़ा गिरने से उसके मलबे में दबकर चार बकरियों की मौत हो गई। सुबह मलबे से मृत बकरियों को निकालकर इसकी जानकारी प्रशासन को भी दी गई।
पंचायत के सरपंच मास्टर केवल शर्मा ने बताया कि मुहम्मद काला पुत्र सुभा ने बकरियों को जिस पशु बाड़े में रखा था, वह रात को गिर गया, जिसकी चपेट में आने से चार बकरियों की मौत हे गई। उन्होंने तहसीलदार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
नारला बंवल में बर्फबारी सड़क बंद, यात्री वाहन फंसे : तहसील
कालाकोट में बारिश के दौरान कुछ जगहों पर भारी बर्फबारी के कारण मार्ग बंद रहे, जिससे मार्गो पर यात्री वाहन फंसे रहे। इससे वाहन में सवार यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बर्फबारी के कारण तहसील मुख्यालय से लोगों का संपर्क कट गया है।
लोगों का कहना है कि अगर मौसम का यही हाल रहा तो लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। पंचायत नारला पंचायत कोट चड़वाल में देर रात बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ जो सुबह तक जारी रहा। स्थानीय निवासी हरनाम सिंह, जगमोहन सिंह, रमेश चंद्र आदि ने बताया कि करीब एक से डेढ़ फीट बर्फ नारला पंचायत व कोट चड़वाल तथा इसके आसपास की जगहों पर पड़ी है। बर्फबारी से ठंड में इजाफा हो गया है। उन्होंने बताया कि करीब चार यात्री वाहन जो नारला से अन्य क्षेत्रों की ओर जाते हैं, वो बर्फबारी के कारण फंसे हुए हैं। बदले मौसम ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है।