राजौरी में डॉक्टर सहित तीन नए कोरोना पॉजिटिव
जागरण संवाददाता राजौरी जिले में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले सामने आए हैं जिनमें उ
जागरण संवाददाता, राजौरी : जिले में कोरोना पॉजिटिव के तीन नए मामले सामने आए हैं, जिनमें उपजिला अस्पताल में नियुक्त एक डॉक्टर भी शामिल है जो कश्मीर से लौटा है और उसे घर में क्वारंटाइन रहने को कहा गया था। इसी तरह से मंजाकोट तहसील की भी एक महिला कोरोना पॉजिटिव पायी गई है। वह भी कश्मीर से आई है और घर में क्वारंटाइन है। एक व्यक्ति कंडी क्षेत्र का रहने वाला कोरोना पॉजिटिव आया है, जो आसाम से लौटा था और इस समय क्वारंटाइन केंद्र में है। तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजौरी रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार उपजिला अस्पताल दरहाल में नियुक्त डॉक्टर कश्मीर का रहने वाला है, जो चंद रोज पहले ही कश्मीर से लौटा तो उसे घर में ही क्वारंटाइन रहने को कहा गया। वह अपने घर में ही था। अब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि घर में क्वारंटाइन रहने के बाद डॉक्टर ने किसी मरीज की जांच तो नहीं की। प्रशासन के पास ऐसी जानकारियां भी आ रही हैं कि उसने कुछ मरीजों की जांच की है। जिसके बाद प्रशासन उन लोगों की तलाश में जुट गया है, जिन लोगों ने डॉक्टर से अपना उपचार करवाया था।
वहीं, मंजाकोट तहसील की रहने वाली महिला भी कश्मीर से लौटी थी और घर में ही क्वारंटाइन थी। इस महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन इस महिला के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश में जुट गया है। फिलहाल तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजौरी भेज दिया गया है।