मांगों को लेकर पीएचई के अस्थायी कर्मचारियों का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता राजौरी पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विभाग
जागरण संवाददाता, राजौरी :
पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विभाग के कार्यालय में बुधवार जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द अस्थायी कर्मचारियों की समस्या को दूर किया जाए। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की।
यूनियन के अध्यक्ष ताहीर शाल ने कहा कि पिछले 58 माह से हम लोगों को वेतन नहीं मिला है। इस कारण कर्मचारियों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को दूर करने के लिए हम लोग एक बार नहीं कई बार धरना प्रदर्शन भी कर चुके है। लेकिन इसके बावजूद भी इस और कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि इसके साथ साथ स्थायी करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। हम लोगों की मांग है कि हमारा बकाया वेतन जारी किया जाए। साथ ही पिछले काफी समय सेवा दे रहे अस्थायी कर्मचारी को स्थायी किया जाए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि अगर हम लोगों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया गया। तो वह लोग क्षेत्र में पीने के पानी की सप्लाई को ठप करके उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। क्योंकि हम लोगों की किसी भी मांग को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।