बुद्धल में भूमि कानून के खिलाफ किया प्रदर्शन
बुद्धल में बुधवार को युवाओं व्यापारियों और किसानों ने एक साथ भूमि कानून को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होने केंद्र सरकार से भूमि कानून वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमीन और नागरिकता का अधिकार स्थानीय लोगो के पास ही रहना चाहिए।
जागरण संवाददाता, राजौरी : बुद्धल में बुधवार को युवाओं, व्यापारियों और किसानों ने एक साथ भूमि कानून को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होने केंद्र सरकार से भूमि कानून वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमीन और नागरिकता का अधिकार स्थानीय लोगो के पास ही रहना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए, सामाजिक कार्यकर्ता फारूक इंकलाबी ने कहा कि केंद्र सरकार के जम्मू कश्मीर में भूमि कानून को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह कानून जम्मू कश्मीर के लोगों को गुलाम बनाने की साजिश के तहत बनाया गया है, जिसे यहां के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता वकार लोन ने कहा कि अगर केंद्र सरकार जल्द कानून वापस नहीं करती है तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। वकार लोन ने कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग पहले से ही कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और वर्तमान में ऐसा कानून लाकर लोगों के जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता गुलजार काजी ने भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग अब किसी का गुलाम नहीं बनेंगे और अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे। उन्होंने लोगों से राजनीति से ऊपर उठकर इस कानून के खिलाफ लड़ने की अपील की।