नौ दिन से जारी हड़ताल से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का संकट
जागरण संवाददाता राजौरी अस्थायी करने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर पीएचई के अस्थायी क
जागरण संवाददाता, राजौरी : अस्थायी करने सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर पीएचई के अस्थायी कर्मियों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। शनिवार को अस्थायी कर्मचारियों ने राज्य प्रशासन व संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। हड़ताल से शहर में तो कोई असर नहीं पड़ रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान अस्थायी कर्मियों ने कहा कि हमारी मांगों की सरकार व विभाग द्वारा अनदेखी की जा रही है। कई साल से बकाया वेतन नहीं मिला है, जिससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीएचई अस्थायी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष ताहीर शाल ने कहा कि अस्थायी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हम लोग अपना कार्य नहीं कर रहे हैं। विभाग के पास स्थायी कर्मचारियों की कमी है। शहरों में तो पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। हमारे साथी तब तक काम पर नहीं जाएंगे, जब तक इनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा।
उधर, हड़ताल के कारण मैरा, चौकियां, कोटधड़ा, चिगस, डूंगी, अगराती, दरहाल, मनयाल गली सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। जिले के अधिकतर क्षेत्रों में पीने के पानी की सप्लाई को सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में सप्लाई नहीं हो रही है, वहां पर टैंकर के माध्यम से पानी भेजने का प्रयास किया जा रहा है। हमारे पास स्थायी कर्मचारियों की कमी है। कुछ क्षेत्रों में तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है। हमारा यही प्रयास है कि हड़ताल के दौरान भी लोगों को पीने का पानी मिलता रहे।
- खलील अहमद, एईई, पीएचई विभाग राजौरी