पाक प्रायोजित आतंकवाद का फिर समाने आया असली चेहरा : विबोध
भाजपा के प्रदेश महासचिव और कश्मीर के प्रभारी विबोध गुप्ता ने कहा कि ईद-ए-मिलाद की पवित्र रात में क्रूर कृत्य ने एक बार फिर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का असली चेहरा उजागर कर दिया है। कश्मीर में भाजपा व भाजयुमो नेताओं के साहस वीरता और बलिदान को हमेशा इतिहास में याद किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, राजौरी : भाजपा के प्रदेश महासचिव और कश्मीर के प्रभारी विबोध गुप्ता ने कहा कि ईद-ए-मिलाद की पवित्र रात में क्रूर कृत्य ने एक बार फिर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का असली चेहरा उजागर कर दिया है। कश्मीर में भाजपा व भाजयुमो नेताओं के साहस, वीरता और बलिदान को हमेशा इतिहास में याद किया जाएगा।
कश्मीर के भाजपा प्रभारी विबोध गुप्ता ने शुक्रवार को राजौरी में पत्रकारो से बातचीत के दौरान कहा कि इस तरह के हमलों से कश्मीर में भाजपा की बुलंद आवाजों को दबाया नहीं जा सकता है। पार्टी ऐसे हमलों से भयभीत नहीं होगी और घाटी में हर घर तक पहुंचने के लिए अपनी गतिविधियों को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढि़यों के लिए लड़ रही है। ताकि कश्मीर की भावी पीढ़ी रक्तपात, हिसा से मुक्त हो सके और एक खुशहाल और शांतिपूर्ण घाटी का निर्माण कर सके।
विबोध गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और देश और शांति के दुश्मनों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी बाधाओं के खिलाफ कश्मीर में शांति से लड़ेंगे और जीतेंगे। गुप्ता ने कहा कि घाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उप राज्यपाल से पुलिस प्रशासन को निर्देशित करने के लिए आग्रह किया गया है। इस अवसर पर जिला महासचिव रणजीत तारा और कौशल गुप्ता, सचिव योगेश शर्मा और कार्यालय सचिव माखन सिंह भी मौजूद थे।