राजौरी में पाबंदियों का नहीं दिखा असर
जागरण संवाददाता राजौरी शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे से पाबंदियां लागू कर दी गई। इसके
जागरण संवाददाता, राजौरी : शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे से पाबंदियां लागू कर दी गई। इसके लिए वीरवार शाम से ही लोगों को सूचित किया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे न तो बाजार बंद हुए और न ही लोगों की आवाजाही। इससे शुक्रवार को क्षेत्र में वीकेंड गैर जरूरी आवाजाही पर प्रतिबंध का कोई असर देखने को नहीं मिला। अब यह देखना होगा कि शनिवार को प्रशासन कुछ सख्ती करता है या फिर इसी तरह से चलता रहेगा।
राज्य प्रशासन की ओर से जारी किए गए दिशानिर्देश के अनुसार शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे से लेकर सोमवार सुबह छह बजे तक राज्य के सभी जिलों में गैर जरूरी आवाजाही प्रतिबंधित की गई है, लेकिन राजौरी में शुक्रवार को ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला। शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे दुकानें बंद करने व बाजारों में न आने के लिए प्रशासन द्वारा वीरवार शाम से ही लोगों को सूचित किया जा रहा था, लेकिन जैसे ही दो बजे कोई भी दुकान बंद नहीं हुई और न ही कोई दुकान को बंद करवाने के लिए आया। इसी तरह से बिना रोकटोक के लोगों की आवाजाही भी बाजारों में होती रही। दुकानदारों ने अपने तय समय के अनुसार दुकानों को बंद किया।
दुकानदारों का कहना है था कि पहले दुकानों को बंद करवाने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी आते थे, लेकिन शुक्रवार को हमारे पास कोई भी नहीं आया। अब देखना यह है कि शनिवार को भी प्रशासन सख्ती से वीकेंड पाबंदियों का पालन करवाता है या फिर आम दिनों की तरह दुकानें खुली रहेंगी।