केंद्रीय राज्यमंत्री धोत्रे बोले-नौशहरा में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय
नौशहरा में जल्द ही केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। इसके लिए योजना बन चुकी है। इससे क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार होगा। यह बात केंद्रीय मानव संसाधन विकास सूचना एवं तकनीक राज्यमंत्री संजय शाम राव धोत्रे ने जम्मू संभाग के राजौरी जिले के नौशहरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
संवाद सहयोगी, नौशहरा : नौशहरा में जल्द ही केंद्रीय विद्यालय खोला जाएगा। इसके लिए योजना बन चुकी है। इससे क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार होगा। यह बात केंद्रीय मानव संसाधन विकास, सूचना एवं तकनीक राज्यमंत्री संजय शाम राव धोत्रे ने जम्मू संभाग के राजौरी जिले के नौशहरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए आउटरीच कार्यक्रम के तहत मंगलवार को यहां पहुंचे हुए थे। उन्होंने कहा कि नौशहरा में एक नवोदय विद्यालय खोलने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि शिक्षा संस्थानों का विस्तार हो सके।
सरकारी डाक बंगला नौशहरा में आउटरीच कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि धरती का स्वर्ग कहलाए जाने वाले वाले कश्मीर को जम्मू कश्मीर की पूर्व सरकारों ने संवारा कम और लूटा ज्यादा। लेकिन अब जम्मू कश्मीर के लोग लूट का शिकार नहीं होंगे। जम्मू कश्मीर का समुचित विकास होगा, जिससे यहां के लोग भी खुशहाल होंगे और जम्मू कश्मीर फिर से धरती का स्वर्ग बनेगा। जम्मू कश्मीर की पूर्व सरकारों को आडे हाथ लेते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकारों में शामिल लोगों ने केवल अपने घर भरे। यहां की जनता को धोखे में रखा और लूटपाट की। वर्षो से अनुच्छेद 370 के कारण यहां विकास रुका पड़ा था, लेकिन अब इसके टूटने के बाद से जम्मू कश्मीर में अमन व शांति है और खुशहाली आ रही हैं। 70 वर्षो में पहली बार जम्मू कश्मीर में बीडीसी चुनाव करवाएं हैं। अब यही चुने हुए बीडीसी चेयरमैन ग्रामीण क्षेत्रों का विकास करवाएंगे। इस दौरान उन्होंने लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों और निर्णयों के बारे में भी जानकारी दी। लोगों ने बताई क्षेत्र की समस्याएं
केंद्रीय राज्यमंत्री के नौशहरा दौरे के दौरान क्षेत्र के लोगों के विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। लोगों ने मांग की कि नौशहरा को जिले का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवाओं को दुरुस्त किया जाए। वहीं लोगों ने क्षेत्र की सड़कों की दशा सुधारने, पेयजल की समस्या दूर करने, बैंक शाखाएं खोलने और स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की कमी को दूर करने की भी मांग उठाई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने लोगों की मांगों को सुनने के बाद आश्वासन दिया कि जो भी समस्याएं उठाई गई हैं, उन्हें केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और उनके समाधान के जल्द से जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।