राजौरी व पुंछ में धूमधाम से मनाया गया होली पर्व
जागरण संवाददाता राजौरी राजौरी व पुंछ दोनों जिलों में होली पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अव
जागरण संवाददाता, राजौरी : राजौरी व पुंछ दोनों जिलों में होली पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने जमकर होली खेली। इसके साथ भैरव देव की झांकी का भी समापन हो गया।
होली पर्व पर सुबह जवाहर नगर के शिव मंदिर से भैरव देव की झांकी निकाली गई। यह झांकी विभिन्न बाजारों से होकर वापस मंदिर में आकर संपन्न हुई। इसके बाद मुख्य बाजार में भैरव देव की झांकी का सिलसिला आरंभ हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। भैरव देव की झांकी के साथ युवा होली खेलने में भी मस्त नजर आए। युवतियां भी अपनी टोलियां बनाकर एक दूसरे को रंग लगा रही थीं। होली पर पूरे क्षेत्र में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। हर गली में पुलिस एवं सीआरपीएफ के जवान तैनात थे।
इसके अलावा राजौरी शहर में सिविल सोसायटी द्वारा होली मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया। वहीं, जवाहर नगर में भी होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसपी चंदन कोहली, एएसपी लियाकत अली, डीएसपी मुख्यालय सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी समीर जिलानी के साथ काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया और मिलकर होली का पर्व मनाया। दूसरी तरफ सीमा पर तैनात जवानों ने व अधिकारियों ने मिलकर होली खेली।