घर के ऊपर गिरी एसटी लाइन, महिला की मौत, दो गंभीर
उप जिला नौशहरा के कलसियां क्षेत्र में वीरवार को बिजली की एचटी लाइन टीन के बने घर के ऊपर आ गिरी। हाई वोल्टेज करंट से एक महिला की मौत हो गई जबकि मृतका के पति व सास गंभीर रूप से झुलस गए।
जागरण संवाददाता, राजौरी : उप जिला नौशहरा के कलसियां क्षेत्र में वीरवार को बिजली की एचटी लाइन टीन के बने घर के ऊपर आ गिरी। हाई वोल्टेज करंट से एक महिला की मौत हो गई, जबकि मृतका के पति व सास गंभीर रूप से झुलस गए। मृतका के पति को गंभीर हालत में जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। जबकि सांस का उपचार उपजिला अस्पताल नौशहरा में जारी है। घटना से गुस्साए लोगों ने कई घंटों तक नौशहरा बाजार में शव रखकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को राहत देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एडीसी सुखदेव सिंह ने पीड़ित परिवार को बिजली विभाग की तरफ से तीन लाख रुपए की राहत राशि दिए जाने और बच्चों को बाल आश्रम नौशहरा में रखकर उनकी पढ़ाई करवाने का भरोसा दिया। उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
वीरवार को दोपहर को कलसियां गांव में मोहेंद्र सिंह के घर पर एचटी लाइन टूट कर गिर गई, जिससे पूरे मकान में आग लग गई। उस समय परिवार के सदस्य पास ही खेत में काम कर रहे थे। आग पर काबू पाने के लिए परिवार के सदस्य घर के अंदर दाखिल होने लगे, लेकिन पूरे ही घर में करंट होने के कारण वीना देवी पत्नी मोहेंद्र सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मोहेंद्र सिंह व उनकी मां बिल्लो देवी गंभीर रूप से झुलस गई। मोहेंद्र सिंह को जम्मू रेफर किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों ने वीना देवी के शव को नौशहरा बाजार में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छह घंटे से अधिक समय तक लोग धरने पर बैठे रहे। वहां पहुंचे एडीसी सुखदेव सिंह संब्याल द्वारा आर्थिक सहायता दिए जाने के भरोसे के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने भी बिजली विभाग के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई को शुरू कर दी है। महिला के शव का शुक्रवार की सुबह संस्कार किया जाएगा।