निशुल्क चिकित्सा शिविर में 339 लोगों की जांच
संवाद सहयोगी सुंदरबनी सीमा सुरक्षा बल के क्षेत्रीय मुख्यालय 69वीं सीमा सुरक्षा बल सुंदरबनी द्वारा
संवाद सहयोगी, सुंदरबनी : सीमा सुरक्षा बल के क्षेत्रीय मुख्यालय 69वीं सीमा सुरक्षा बल सुंदरबनी द्वारा सरकारी हाई स्कूल सोफा में नियंत्रण रेखा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कमांडेंट अरुण कुमार सिंह ने फीता काटकर चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया। इस मौके पर उपकमांडेंट बृजेश यादव, राजेश कुमार यादव, उपकमांडेंट 69 वीं बटालियन बीआर विश्नोई, सरपंच तोषी देवी, नायब सरपंच ओम प्रकाश व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस चिकित्सा शिविर में विभिन्न चिकित्सकों द्वारा 339 लोगों का निशुल्क चेकअप करने के साथ-साथ दवाइयां भी वितरित की गई। चिकित्सा शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशिक पटवारी, डॉ. सोनाली खजूरिया, डॉक्टर सुरेश कुमार, डॉ. कुणाल शर्मा, डॉक्टर गुलशन रैना और दूसरे पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा लोगों की निशुल्क चिकित्सा जांच की गई और दवाइयां वितरित की गई।
इस मौके पर शिविर में 145 पुरुषों, 119 महिलाओं और 75 बच्चों की जांच कर दवाइयां वितरित की गई। कमांडेंट अरुण कुमार सिंह ने कहा कि हमारे देश का जो नक्शा है, वह नियंत्रण रेखा और सीमा के पास रहने वाले लोगों एवं तैनात सुरक्षाबलों की बदौलत ही कायम है। नियंत्रण रेखा के पास लोग कठिन एवं दूर-दराज पहाड़ी क्षेत्र में दुश्मन की गोली का हमेशा सामना करते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए जवान दिन-रात दुश्मन की गोली के बीच अपनी ड्यूटी को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों की देखभाल करना सीमा सुरक्षा बल के जवानों की जिम्मेदारी बनती है। इस मकसद को पूरा करने के लिए यहां इस प्रकार का चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया है, जिसका स्थानीय लोगों ने भरपूर लाभ उठाया।
इस दौरान चिकित्सकों द्वारा कोविड-19 से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई। अंत में सरपंच तोषी देवी ने चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया।