सूमो खाई में गिरी, दो की मौत, छह घायल
जागरण संवाददाता पुंछ पुंछ के लोरन क्षेत्र में टाटा सूमो खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो
जागरण संवाददाता, पुंछ : पुंछ के लोरन क्षेत्र में टाटा सूमो खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार उपजिला अस्पताल मंडी में चल रहा है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टाटा सूमो नंबर जेके12-1935 लोरन की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह बाराचर गांव के पास पहुंची तो चालक अपने वाहन से संतुलन खो बैठा और वह सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में टाटा सूमो में सवार आठ लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को खाई से निकालकर उप जिला अस्पताल मंडी पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने फारूक अहमद पुत्र मुहम्मद अफजल निवासी लोरन व सज्जाद अहमद पुत्र मुहम्मद शफी निवासी लोहबेला को मृत घोषित कर दिया। जबकि अब्दुल हमीद, मुहम्मद दीन, मंजूर अहमद शेख तीनों निवासी लोहबेला, अब्दुल माजिद निवासी बाराचर, इरशाद अहमद निवासी बाराचर व फतिमा बी निवासी अढ़ी का उपचार उप जिला अस्पताल मंडी में किया जा रहा है।