राजौरी में एक और पुंछ में 12 कोरोना के नए मामले
जागरण संवाददाता पुंछ पुंछ जिले में बुधवार को 12 लोगों के कोरोना के नमूने पॉजिटिव आने के
जागरण संवाददाता, पुंछ : पुंछ जिले में बुधवार को 12 लोगों के कोरोना के नमूने पॉजिटिव आने के बाद जिले में कोरोना के रोगियों की संख्या 24 पहुंच गई है। हालाकि जिनके भी नमूने पॉजिटिव आ रहे हैं, वे सभी क्वारंटाइन केंद्र में ही रखे गए हैं। जिला आयुक्त पुंछ राहुल यादव ने कहा कि बुधवार को जिले में कुल 12 नमूनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि पाच नमूनों की रिपोर्ट सुबह आई, जो मुबंई से चंद रोज पहले लौटे थे और इस समय क्वारंटाइन केंद्र में हैं। इसके बाद शाम को छह नमूनों की रिपोर्ट फिर से पॉजिटिव आई, जिनमें पाच मुंबई से लौटे हैं और एक भोपाल से लौटा है। मेंढर की एक गर्भवती महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। वह घर पर थी। उसके करीबी संपर्क तलाशे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजौरी रेफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन 12 नए मामलों के साथ जिले में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 24 तक पहुंच गई है।
इसी बीच देर शाम को राजौरी जिले में सुंदरबनी क्षेत्र में बने क्वारंटाइन केंद्र में रह रहा व्यक्ति, जो चंद रोज पहले ही दिल्ली से लौटा था, उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इस व्यक्ति को भी आगे के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज राजौरी रेफर कर दिया गया है। वहा पर इसका आगे का उपचर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले के साथ जिले में कोरोना रोगियों की संख्या 15 हो चुकी है।