एंबुलेंस पलटी, गर्भवती महिला सहित पांच घायल
जागरण संवाददाता, पुंछ : मेंढर के कालाबन क्षेत्र से गर्भवती महिला व उसके परिवार के सदस्यों को लेकर
जागरण संवाददाता, पुंछ : मेंढर के कालाबन क्षेत्र से गर्भवती महिला व उसके परिवार के सदस्यों को लेकर उपजिला अस्पताल आ रही एंबुलेंस नरोला क्षेत्र में सड़क पर ही पलट गई। इस हादसे में गर्भवती महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपजिला अस्पताल मेंढर में भर्ती कराया गया। यहां गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एंबुलेंस नंबर जेके12-8308 कालाबन क्षेत्र से गर्भवती महिला नइमा कौसर पत्नी अंसल-उल-हक को लेकर उप जिला अस्पताल मेंढर आ रही थी। एंबुलेंस में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी के साथ परिवार के चार अन्य सदस्य भी शामिल थे। जैसे ही एंबुलेंस नरोला क्षेत्र में पहुंची तो एंबुलेंस चालक अपने वाहन से संतुलन खो बैठा और एंबुलेंस सड़क के बीचोबीच पलट गई। इस हादसे में गर्भवती महिला के साथ महिला स्वास्थ्य कर्मी जाहिदा बी, सालिमा बी, युनूस वकार, जेनीब बी, सागिरा बी घायल हो गई। सभी घायलों को उप जिला अस्पताल मेंढर में लाया गया। यहां पर उसका उपचार किया जा रहा है। वहीं गर्भवती महिला ने उप जिला अस्पताल मेंढर में बच्चे को जन्म दिया। जच्चा व बच्चा दोनों उप जिला अस्पताल में भर्ती है।