धरादुलियां व झलास रेड जोन घोषित
जागरण संवाददाता पुंछ जिले के धरादुलियां और झलास क्षेत्र को शुक्रवार देर शाम स्थानीय व्यि
जागरण संवाददाता, पुंछ : जिले के धरादुलियां और झलास क्षेत्र को शुक्रवार देर शाम स्थानीय व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद रेड जोन घोषित कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों को बफर जोन घोषित कर दिया गया। इस व्यक्ति को 25 मई को प्रशासनिक क्वारंटाइन से निकाल दिया गया था, क्योंकि उसकी पहली नमूना रिपोर्ट निगेटिव पाई गई थी, लेकिन दूसरी नमूना रिपोर्ट शुक्रवार शाम को पॉजिटिव पाई गई।
अधिकारियों ने कहा कि अन्य राज्यों से यात्रा इतिहास वाला एक व्यक्ति डेढ़ सप्ताह पहले ट्रेन से लौटा था, जिसके बाद उसका नमूना जम्मू रेलवे स्टेशन पर एकत्र किया गया था और उसे पुंछ में भेज दिया गया था। उसी समय उसे प्रशासनिक क्वारंटाइन केंद्र में रख दिया गया। 24 मई को उसका दूसरा सैंपल लिया गया, जबकि 25 मई को उसने पहले नमूने की रिपोर्ट निगेटिव आई और उसे घर भेज दिया गया। परिवार के सदस्यों से दूर रहने को कहा गया। 29 मई को दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उसी समय से मेडिकल कॉलेज राजौरी रेफर कर दिया गया। व्यक्ति ने तीन दिन धरादुलियां अपने घर में बिताए और झलास क्षेत्र का भी चक्कर लगाया। शनिवार को प्रशासन ने दोनों क्षेत्रों को रेड जोन घोषित कर दिया और इनके आसपास के क्षेत्रों को बफर जोन घोषित कर दिया गया।