पुंछ में बादल फटा, पांच किमी सड़क बही
संवाद सहयोगी पुंछ पुंछ जिले के दूरदराज पहाड़ी गांव डींगला में शुक्रवार को बारिश आफत
संवाद सहयोगी, पुंछ : पुंछ जिले के दूरदराज पहाड़ी गांव डींगला में शुक्रवार को बारिश आफत बनकर आई। बादल फटने से इलाके में बाढ़ आ गई। नाले तो उफना ही गए, घरों में भी पानी भर गया। पहाड़ी इलाके की पांच किलोमीटर सड़क पानी के तेज बहाव में बह गई। आधा दर्जन से अधिक वाहन बह गए। कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। मौसम अधिक खराब होने से लोग खेतों से घरों में लौट गए थे, जिससे जानी नुकसान होने से बच गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम को तेज बारिश हो रही थी। उसी बारिश के बीच अपर डींगला के थान पीर जंगल के नजदीक बादल फट गया। इससे डींगला से कंडयारा तक पांच किलोमीटर सड़क तेज बहाव में बह गई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ज्यादातर लोग खेतों में काम कर रहे थे। बारिश तेज होने की वजह से सभी घर लौट आए थे, जिससे वह बच गए। उन्होंने बादल फटने से इलाके के नाले में बाढ़ आ गई। इसमें कई वाहन बह गए। कुछ को निकाल लिया गया। एक ट्रैक्टर को भी नुकसान पहुंचा है। कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। बादल फटने की आवाज दूर तक सुनी गई। गांव के चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा था। फसल पानी में डूब गई। घरों में पानी घुस गया।
-------