पानी के लिए दो घंटे जाम रखा कॉलेज रोड
जागरण संवाददाता, कठुआ : शहर के शिवानगर क्षेत्र में पीएचई विभाग इस सर्दी के मौसम में भी पेय
जागरण संवाददाता, कठुआ : शहर के शिवानगर क्षेत्र में पीएचई विभाग इस सर्दी के मौसम में भी पेयजल आपूर्ति करने में विफल साबित हुआ है। इससे गुस्साए स्थानीय निवासियों ने सोमवार कॉलेज रोड जाम कर डीसी कार्यालय के समक्ष पीएचई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे मार्ग जाम कर स्थानीय निवासियों द्वारा प्रदर्शन करने से कॉलेज पर यातायात ठप रहा। बाद में धरना स्थल पर पहुंचे एसीआर जितेंद्र मिश्रा, डीएसपी निखिल रसगोत्रा और पीएचई विभाग के एईई ने जल्द आपूर्ति बहाली का आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय वार्ड 19 के पार्षद राहुल देव शर्मा ने पिछले कई दिनों से क्षेत्र में ठप पड़ी पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग के अधिकारियों की लापरवाही बताया और कहा कि मात्र तीन लाख रुपये के फंड का विभाग अभाव बता आपूर्ति प्रभावित होने का बहाना बताकर असमर्थता जता रहा है, जोकि अधिकारियों की समस्या के समाधान के प्रति गंभीरता न होने का उदाहरण है। ऐसे में जिला प्रशासन के मुखिया डीसी को भी विभाग के अधिकारियों की लापरवाह कार्यप्रणाली पर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी तकनीकी कमी बता कर उसका समाधान करने की बजाय एक दूसरे विभाग को जिम्मेदार बता अपना समय निकाल रहे हैं। इसमें पीएचई के सिविल विंग के मेकेनिकल और मेकेनिकल विंग के बिजली विभाग को जिम्मेदार बताकर आपूर्ति प्रभावित होने का कारण बताते हैं। आलम ये है कि पिछले तीन दिन से क्षेत्र में पानी के नलों से बूंद तक नहीं टपकी है। हैरानी की बात है कि 70 साल के बाद भी लोग विशेषकर शहरी क्षेत्र में लापरवाही अधिकारियों के कारण पानी के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं, अफसरशाही की इससे बड़ी लापरवाही और क्या हो सकती है। ऐसे अधिकारियों के कारण ही विभाग के अस्थायी कर्मी चार माह से हड़ताल पर हैं। उन्होंने उनकी हड़ताल का भी समर्थन किया और बताया कि शिवनगर में अब आलम ये है कि वहां मशीनरी ऑपरेट करने के लिए कर्मी नहीं हैं, जो नियमित आपूर्ति कर सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सुचारु आपूर्ति चलाने के लिए विभाग ने वहां व्याप्त समस्याओं को दूर नहीं किया तो फिर सड़कों पर उतरेंगे। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं।
---
वार्ड 14 में भी प्रदर्शन
वार्ड 14 में भी पेयजल आपूर्ति ठप होने पर स्थानीय पार्षद भूपेंद्र राज के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने पीएचई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।