चंद्रमा को अर्ध्य दे सुहागिन महिलाओं ने तोड़ा निर्जला व्रत
जागरण संवाददाता कठुआ जीवन साथी की लंबी आयु की कामना लिए सुहागिन महिलाओं ने बुधवार रात
जागरण संवाददाता, कठुआ: जीवन साथी की लंबी आयु की कामना लिए सुहागिन महिलाओं ने बुधवार रात चंद्रमा को अर्ध्य देने के बाद दिन भर रखे निर्जल व्रत को पति के हाथों जल ग्रहण के बाद तोड़ा। कठोर व्रत को पूरा करने के लिए महिलाओं ने सुबह तारों की छांव में 4 और 5 बजे के बीच सरगी का सेवन किया। इसके बाद दिनभर निर्जल व्रत करके शाम को चांद का दीदार करना शुरू हो गया।
इससे पहले महिलाएं सजने संवरने में लगी रही। शाम को मोहल्लें की सहेलियों के साथ करवड़ा बदला। समूह में सजधजकर एकत्रित महिलाओं ने आपस में सजाई पारंपरिक थाली को अदान प्रदान किया और सभी के लिए सदैव सुहागिन रहने की कामनाएं की। उसके बाद परिवार की महिलाओं के साथ चंद्रमा की पूजा करके अर्ध्य दिया और आरती उतार कर पति की दीर्घायु की कामना के लिए पूजा की।
शहर में बुधवार को करवा चौथ को लेकर बाजारों व दुकानों पर दिनभर महिलाओं की चहल पहल रही। हालांकि, गत दो दिन की तुलना बाजार में भीड़ कम रही, लेकिन सजना के लिए सजने को लेकर ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं की भीड़ रही। हाथों में मेहंदी सजाने के लिए महिलाओं में विशेष उत्साह दिखा। सुहागिन महिलाओं के अलावा कई कुंवारी युवतियां अच्छे वर की कामना को लेकर व्रत रखे हुए थी। इसके अलावा जिनकी शादी तय हो चुकी है, उन युवतियों ने भी व्रत रखा था। उनके ससुराल की ओर से उपहार आदि भेजे गए। शहर में मिठाई, फल, ड्राई फ्रूट, सुनार, कपड़ा और मनियारी की दुकानों पर खरीदारी को लेकर भीड़ रही।
महिलाओं ने करवा चौथ के उपलक्ष्य में अपनी सहेलियां को भी उनके घर जाकर श्रृंगार का सामान भेंट कर शुभकामनाएं दी। इसके चलते जिलेभर में करवा चौथ को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह रहा। बाजार में दुकानों पर रंगबिरंगी चूड़ियों एवं अन्य श्रृंगार के सामान से सजी समान को देख एक उत्सव जैसा माहौल रहा। सुनीता शर्मा ने बताया कि करवाचौथ उनका सबसे प्रिय पर्व है। जिसका उसे साल भर से इंतजार रहता है। इस दिन के लिए कई दिन पहले ही खरीदारी शुरू हो जाती है। सच मानों तो उमंग और उत्साह भरा पर्व उनके लिए विशेष रहता है।