छोटे नालों पर पुलों का निर्माण कार्य शुरू न होने से लोग परेशान
संवाद सहयोगी हीरानगर ओल्ड साबा कठुआ मार्ग के विस्तारीकरण के दो साल बाद भी सन्याल बाना चक
संवाद सहयोगी, हीरानगर : ओल्ड साबा कठुआ मार्ग के विस्तारीकरण के दो साल बाद भी सन्याल, बाना चक मार्ग पर बहने वाले छोटे नालों पर पुलों का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को आने जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तो तरना नाले के पुल का काम बंद पड़ा है दूसरा सन्याल बाना नालों पर पुल नहीं होने से चकड़ा राजपुरा रूट पर बस सर्विस बहाल नहीं हो रही। लोगों को पाच किलोमीटर दूर पड़ते गावों में पहुंचने के लिए बीस किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ता है। बारिश पड़ने पर जब पानी का बहाव तेज हो जाता है तो कई दिनों तक आवाजाही बंद हो जाती है।
-----
ग्रेफ ने छोटे नालों पर पुल बनाने के बजाय पहले मार्ग का विस्तारीकरण कर दिया। अब दो साल बाद भी बाना चक सन्याल नालों पर पुल नहीं बना। जिस कारण दयाला चक सन्याल शेरपुर रूट पर मिनी बस सर्विस बहाल नहीं हो रही। बसें सन्याल से आगे नहीं जा पातीं और स्कूलों के बच्चों को एक किलोमीटर चलकर बस पकड़नी पड़ती है। ग्रेफ मार्ग का विस्तारीकरण करवाने से पहले पुल बनाने चाहिए थे।
-अशोक कुमार, मिनी बस मालिक। बाना चक सनयाल नाले पर पुल नहीं होने की वजह से सीमावर्ती 50 गावों के बीच बस सर्विस बहाल नहीं हो रही। पानी का बहाव तेज होने से वाहन फंस जाते हैं। सड़कों का विस्तारीकरण करने से पहले नालों पर पहले पुल बनाए जाते हैं मगर ओल्ड साबा कठुआ मार्ग पर पहले पुल बनाने के विस्तारीकरण कर दिया गया। अब दो साल बाद भी इन नालों पर पुलों का निर्माण शुरू नहीं हुआ। आगे बरसात शुरू हो जाएगी फिर छह माह तक काम शुरू नहीं होगा। सरकार को पुलों का निर्माण जल्द करवाना चाहिए।
-देवेन्द्र सिंह स्थानीय निवासी। तरना नाला, बाना चक, सन्याल आदि नालों पर पुलों के नहीं होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। तरना नाले का काम बंद पड़ा है। दूसरे नालों पर तो शुरू ही नहीं हुआ। दो माह में बरसात शुरू हो जाएगी। लोगों को एक साल तक फिर नालों के बीच से गुजरना पड़ेगा। अगर केन्द्र सरकार ने मार्ग, पुल बनाने की मंजूरी दी है तो निर्माण कार्य भी तेजी से होने चाहिए।
-जवाहर लाल, पूर्व सरपंच। लडवाल नाले के पुल का निर्माण मुकम्मल होने के बाद चकड़ा तरना नाला, बाना चक नाले के पुलों का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस बारे में ग्रेफ के अधिकारियों से बात हुई थी।
-कुलदीप राज, भाजपा के पूर्व विधायक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप