हंट्ट माश्का में लॉकडाउन से बंद यातायात अभी भी बंद
संवाद सहयोगी बसोहली लॉकडाउन के दौरान बंद हुई बस सेवा को बहाल न किए जाने से दीपावली पर्व पर
संवाद सहयोगी, बसोहली : लॉकडाउन के दौरान बंद हुई बस सेवा को बहाल न किए जाने से दीपावली पर्व पर अपने घर तक पहुंचने की मुश्किलों से हट्ट माश्का सड़क से जुड़े लोग चिंतित हैं। पिछले 6 माह से इस सड़क पर यातायात सेवा ठप पड़ी हुई है। गंभीर परेशानी के बावजूद जिम्मेदार प्रशासन की ओर से भी इसके समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया।
स्थानीय निवासी एवं समाज सेवी गरमेल सिंह ने बताया कि इस पिछड़े इलाके की सदा से अनदेखी होती रही है। अब भाई दूज पर जब बहनों को भाइयों को टीका लगाने के लिए मायके आना होगा तो उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर आश्रित गाव सलाओ, द्रमुणी, खजूरा, सल्लान, चिंज, यमुना, द्रमण, बुली, तनु, बदाड़ी, हट्ट, माश्का, दाउन, नालनी, साधर पलाही, खाला आदि के लोगों को इस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोई दीपावली मनाने के लिए सामान लेकर घर आ रहा है तो उसे पैदल ही चलना पड़ रहा है या फिर किराये पर वाहन लेकर आना पड़ रहा है। उन्होंने उप जिला प्रशासन से गुहार लगाई कि इस सड़क पर यातायात सुचारु करवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
यातायात शुरू नहीं होने से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हो रहे हैं। यहां तक कि लोगों के काम धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि समस्या का समाधान करते हुए राहत प्रदान की जाए। इसके बाद ही सहूलियत मिल सकेगी। इसलिए प्रशासन गंभीरता दिखाए।