जम्मू से अमृतसर के लिए निकाले नगर कीर्तन का जिले में स्वागत
जागरण संवाददाता कठुआ गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के 550 साल उपलक्ष्य में राज्य गुरुद्वारा
जागरण संवाददाता, कठुआ : गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के 550 साल उपलक्ष्य में राज्य गुरुद्वारा प्रबंधक बोर्ड द्वारा जम्मू से दरबार सहिब अमृतसर के लिए निकाले गए नगर कीर्तन का कठुआ पहुंचने पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा स्वागत किया। जम्मू से चले नगर कीर्तन की अगुवाई राज्य गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान त्रिलोचन सिंह वजीर कर रहे थे। जम्मू से हाईवे से होते हुए नगर कीर्तन कालीबड़ी से कठुआ नगर स्थित स्थानीय गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा के मुख्य द्वार से गुजरा। जहां पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने नगर कीर्तन का स्वागत करते हुए त्रिलोचन सिंह वजीर को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया और प्रथम गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के 550 साल को समर्पित नगर कीर्तन में शामिल सैकड़ों की संख्या में संगत को जलपान और फल आदि से सेवा की। गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए चल रहे नगर कीर्तन से शहर गुरुमय हो गया। जिसमें सबसे आगे गुरु की महिमा करते हुए जत्था चल रहा था। उसके पीछे पंज प्यारे नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। इसी बीच सुंदर सजे वाहन में दीवान साहिब सजाए गए थे। जिसके दर्शन करके संगत निहाल हो रही थी।
जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह पोला ने नगर कीर्तन में शमिल समूह संगत को बधाई दी और कहा कि इससे गुरु नानक देव जी के मानवता की सेवा के सिद्धांत का संदेश जन-जन तक जाएगा, खासकर युवा पीढ़ी को इससे जोड़ने की जरूरत है। ऐसे में राज्य गुरुद्वारा कमेटी का ये प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में गुरु नानक देव जी की विचारधारा को जानने की जरूरत है। जिन्होंने जातपात और मानवता की सेवा को ही मुख्य धर्म बताया था। ऐसे महान गुरु के उपदेशों पर चलकर हम समाज का भला कर सकते हैं और हमारे जीवन का भी यहीं मकसद होना चाहिए। वहीं राज्य कमेटी ने जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा स्वागत करने पर आभार जताया। इस मौके पर मास्टर प्रवीण सिंह, पार्षद कुलवंत कौर सहित स्थानीय सदस्य शामिल थे।