शिक्षण संस्थानों में भारतीय संविधान की ली शपथ
जागरण न्यूज नेटवर्क कठुआ/बसोहली जिले भर में भारतीय संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर विि
जागरण न्यूज नेटवर्क, कठुआ/बसोहली: जिले भर में भारतीय संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने संविधान की शपथ लेकर अपना कार्य पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रण लिया।
जिले के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज आफ एजूकेशन और हॉली प्रेजेंटेशन कान्वेंट स्कूल में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. ब्रिज बाला के नेतृत्व में हरबंस सिंह ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति अपना उद्देश्य प्रकट करते हुए एकता, गरिमा, अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस बीच डिग्री कॉलेज कठुआ एवं सरकारी लड़कों की हायर सेकेंडरी स्कूल में भी स्कूल स्टाफ ने भारतीय संविधान के तहत अपना कार्य करने का संकल्प लिया और हमेशा भारतीय संविधान की गरिमा को बनाए रखने की शपथ ली। विद्यार्थियों को संविधान और उसके निर्माता के बारे में जानकारी दी गई।
इस बीच बसोहली एवं महानपुर के डिग्री कॉलेज में संविधान दिवस मनाया गया। बसोहली में एडीसी तिलक राज थापा के नेतृत्व में मुंसिफ जज सहित उप जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वागत समारोह में प्राचार्य डिग्री कालेज पीके राव ने भारतीय संविधान के अहम पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। एडीसी ने संविधान के प्रति बताया कि केवल भारत का संविधान ही ऐसा संविधान है जो हर भारतीय नागरिक को एक समान दर्जा देता है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डा. भीम राव आंबेदकर द्वारा बनाए गए इस संविधान में कोई भी कमी नहीं है। हम सभी को अपने संविधान की जानकारी होना बहुत अनिवार्य है। मुंसिफ जज ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को स्वीकार किया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। संविधान दिवस समारोह में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि एडीसी बसोहली को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर एनएसएस व एनसीसी के कैडेटस के अलावा सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं म्यूनिसिपल कमेटी के ईओ पी आर संगड़ा के नेतृत्व में भी बसोहली कमेटी कार्यालय में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी आस्था की शपथ ली। इस अवसर पर ईओ ने कहा कि भारत का संविधान सबसे ऊपर है। महानपुर डिग्री कॉलेज में तहसीलदार रमेश सिंह मुख्य अतिथि रहे। जबकि सरपंच शुक्ल कुमार भी विशेष रूप से उपसथित रहे। इस मौके पर एक सेमिनार का भी आयोजन किया गया।