कांग्रेसियों ने भारत के पहले प्रधानमंत्री को किया याद
जागरण संवाददाता, कठुआ : देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेसियों
जागरण संवाददाता, कठुआ : देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेसियों ने उन्हें याद किया और समारोह आयोजित कर श्रद्धा के सुमन अर्पित किए। हीरानगर में आयोजित समारोह के दौरान पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने उनके चित्र के समक्ष श्रद्धा के सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और आजाद भारत के बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उनकी भूमिका का विस्तार उल्लेख किया। पूर्व एमएलसी एवं पूर्व जिला कांग्रेस प्रधान सुभाष गुप्ता ने जवाहर लाल नेहरू को याद करते कहा कि वो एक दूरदर्शी प्रधानमंत्री थे। जिन्होंने करीब 14 साल तक इस देश का नेतृत्व करके भारत की विश्व में एक पहचान बनाई। हालांकि, देश आजाद होने के बाद उनके सामने बहुत चुनौतियां थीं,
लेकिन उन्होंने उनका सामना ही नहीं किया बल्कि भारत में अपने कार्यकाल के दौरान ही तरक्की के अहम द्वार भी खोले। उनके समय की भाखड़ा डैम जैसी परियोजनाएं आज के भारत में भी मील का पत्थर साबित हो रही हैं। आधुनिक भारत की नींव रखने का सपना लेकर नेहरू ने अपने कार्यकाल में कई नई-नई तकनीक देश में लाई। जिससे देश को विकास के रास्ते में तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिली। इसीलिए उन्हें आधुनिक भारत के निर्माता भी कहा जाता है। देश में एम्स जैसे संस्थान खोलना उनकी दूरदर्शी सोच का उदाहरण है। शिक्षा के क्षेत्र में पांचवीं तक की शिक्षा निशुल्क व जरूरी देने की व्यवस्था पंच वर्षीय योजना में लागू करना भी उनका अहम कार्य रहा है। कृषि के क्षेत्र को बढ़ावा देने में भी उनका अहम योगदान रहा है।
श्रद्धांजलि समारोह में अनंत राम डोगरा, नरेंद्र राठौर,भगवान दास, गणेश दास, बंटी, आशु शर्मा,अजय कुमार, देवेंद्र कुमार, भूषण शर्मा एवं तिलक राज आदि शामिल थे।
इसी बीच कठुआ में भी कांग्रेस नेता पंकज डोगरा के नेतृत्व में भी पूर्व प्रधान मंत्री जवाहर लाल नेहरू को याद किया और आयोजित समारोह में उन्हें श्रद्धांजलि दी। डोगरा ने नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह एक लोकप्रिय प्रधानमंत्री रहे हैं। जिन्हें आज भी बच्चे चाचा नेहरू के नाम से जानते हैं। जिसके चलते उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। उनके कार्यकाल में देश ने संसाधनों की कमी के बावजूद अभूतपूर्व विकास किया। भारत के विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। श्रद्धांजलि समारोह में परमजीत सिंह पम्मा, अनिल शर्मा, नीटू सिंह, पवन शर्मा, रजनीकांत व सुधीर महाजन, सत पाल भंडारी आदि शामिल रहे।