धनतेरस पर बाजार चमके, घरों में दीवाली का उल्लास
जागरण संवाददाता कठुआ रोशनी का पर्व दीपावली और धनतेरस का उल्लास और खरीदारी कोरोना महामारी प
जागरण संवाददाता, कठुआ : रोशनी का पर्व दीपावली और धनतेरस का उल्लास और खरीदारी कोरोना महामारी पर भारी पड़ी। बाजार में इस पर्व को लेकर खरीदारों की खासी भीड़ उमड़ी। करीब एक करोड़ के पटाखे के अलावा 4 करोड़ का अन्य सामान बिक गया। यानी जिले में 5 करोड़ का कारोबार हुआ। सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटोमोबाइल बाजार में हुई। जिले में 50 से ज्यादा कारों की बिक्री हुई। इसके अलावा सौ के करीब दोपाहिया वाहन भी बिके। इसके बाद इलेक्ट्रानिक सामान भी बाजार में खूब बिका। बाजार में दुकानों पर गिफ्ट पैक की बिक्री का इस बार ज्यादा प्रचलन रहा। यह सौ रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक उपलब्ध रहे। स्वदेशी सामान खरीदने के प्रचार का भी बाजार में असर दिखा। स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए दीपक चाइनीज आइटम से ज्यादा बिके। बाजार में इस बार चाइनीज आइटम ढूंढने पर ही मिल रहा था। देसी मिट्टी के दीपक बनाने वालों के स्टाल पर ग्राहकों की भीड़ रही। बाजार में पटाखों की बिक्री पर्व की पूर्व संध्या पर नहीं के बराबर रही, हालाकि बाजार में पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित है। पटाखों की बिक्री शहर के बाहर ही हुई। इसी बीच धनतेरस की खरीदारी बर्तन की दुकानों पर उमड़ी भीड़ पर्व की महत्ता का उदाहरण बनी। बाजार में इतनी भीड़ थी, कि पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह जगह जवान तैनात करने पड़े। कई स्थानों पर फायर टेंडर भी तैनात किए गए हैं। शुक्रवार शाम को शहर के बाजार रोशनी एवं भीड़ जगमगाते दिखे। बाजार में शाम को इतनी भीड़ रही कि आम व्यक्ति का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। कुल मिलाकर कोरोना काल में भी दीपावली एवं धनतेरस के पर्व पर रौनक, उत्साह रहा।