चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का चुनाव आज, भाजपा के पास निर्णायक बहुमत
जागरण संवाददाता कठुआ पंचायतीराज की त्रिस्तरीय प्रणाली को मजबूत करने के लिए जिले में हुए
जागरण संवाददाता, कठुआ : पंचायतीराज की त्रिस्तरीय प्रणाली को मजबूत करने के लिए जिले में हुए जिला विकास परिषद चुनाव के बाद अब शनिवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन भी चुने जाएंगे। जिले में कुल 14 में से 13 सदस्य भाजपा के होने से इसी पार्टी का चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनना तय माना जा रहा है। पार्टी ने चेयरमैन पद के लिए कर्नल महान सिंह और वाइस चेयरमैन पद के लिए रघुनंदन सिंह बबलू को अपना प्रत्याशी बनाया है। शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में हुई बैठक में दोनों नामों पर औपचारिक रूप से मुहर लगा दी गई।
जिला विकास परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पद के लिए शनिवार को पहली बार चुनाव होगा। जम्मू कश्मीर में पंचायत चुनाव के इतिहास में यह पहला मौका होगा, जबकि पंचायती राज में तीन स्तरीय प्रणाली लागू करने के लिए जिला विकास परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव होंगे। इससे पहले 22 दिसंबर को इस पद के लिए डीडीसी सदस्य चुने गए थे। उसके बाद अब अगली चुनावी प्रकिया में दोनों पद चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव होना शेष रह गया था, जो शनिवार को पूरा हो जाएगा। इसी के साथ जिले में पहली बार जिला विकास परिषद ग्रामीण क्षेत्र का विकास कराने में खुद फैसले लेने के लिए सक्षम बन जाएगी। इससे जिले के ग्रामीण क्षेत्र में विकास में तेजी आएगी। कहां कितने फंड खर्च होने हैं, इसका फैसला अब प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि चुने गए डीडीसी सदस्यों की सहमति से जिला विकास परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन लेंगे। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को क्षेत्र का विकास कराने के लिए अपने चुने गए प्रतिनिधि मिल जाएंगे, उन्हें अब अधिकारियों के पीछे नहीं भागना पड़ेगा।
दोनों नामों पर भाजपा के सभी सदस्यों ने किया समर्थन
शुक्रवार को यहां हुई बैठक में प्रदेश भाजपा की ओर से चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए प्रत्याशियों के नामों पर औपचारिक मुहर लगाई गई। इसमें चेयरमैन पद के लिए कर्नल महान सिंह एवं वाइस चेयरमैन पद के लिए रघुनंदन सिंह बबलू का नाम तय किया गया है। भाजपा के जिला कार्यालय में बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री अशोक कौल ने दोनों उम्मीदवारों के नामों की घोषणा चुने गए पार्टी के सभी सदस्यों की उपस्थिति में की। सभी सदस्यों ने प्रदेश संगठन द्वारा घोषित नामों पर सहमति जताई। बैठक में जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सत शर्मा, प्रदेश महामंत्री युद्धवीर सेठी सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व डीडीसी सदस्य मौजूद रहे। इसमें कर्नल महान सिंह बसोहली, रघुनंदन सिंह बबलू कठुआ, सुषमा देवी बरनोटी. डा. श्वेता किड़ियां गंडयाल. कर्ण कुमार, मढीन. अभिनंदन शर्मा हीरानगर, सिम्मी चाढ़क डिगा अंब, नीरू बाला मांडली. नारायण दत्त त्रिपाठी गुजरू नगरोटा, विक्रम सिंह बिलावर. रीता देवी बनी, तजेंद्र सिंह महानपुर. किशोर कुमार लोहाई मल्हार शामिल रहे। बैलट के जरिये होगा चुनाव
जिला विकास परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए डीसी कार्यालय के कांफ्रेंस हाल में सुबह साढ़े ग्यारह बजे मतदान शुरू होगा। इसके लिए डीसी ओ पी भगत ने गत एक फरवरी को ही अधिसूचना जारी कर दी थी। इसमें चुने गए सभी 14 डीडीसी सदस्यों को भी डीसी द्वारा लिखित में सूचना जारी कर दी गई थी। चुनाव बैलट बाक्स द्वारा कराए जाने के इंतजाम किए गए हैं। यदि एक ही उम्मीदवार होगा तो चुनाव निर्विरोध होगा। जिले में भाजपा के कुल 14 में से 13 सदस्य हैं। इससे भाजपा का ही चेयरमैन बनना तय माना जा रहा है।