घगवाल कांग्रेस ने राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, कठुआ : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घगवाल द्वारा राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों की समस
जागरण संवाददाता, कठुआ : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घगवाल द्वारा राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ लोगों की समस्याओं के समाधान न किए जाने पर रोष प्रदर्शन किया गया। नवनियुक्त घगवाल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान दीवान खजूरिया के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य एवं केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसे हर मोर्चे पर विफल करार दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए दीवान खजूरिया ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण आज हर वर्ग परेशान है। लोग पीने के पानी, बिजली एवं सड़क आदि सुविधाओं से वंचित हैं। सरकारी डिपो पर राशन नहीं मिलने से गरीब वर्ग परेशान है। वहीं दूसरी ओर सरकार ने डिपो पर मिलने वाले राशन को भी महंगा कर दिया है। रसोई गैस और पेट्रोल की कीमत भी आसमान को छू रही है। सीमा पर हालात जस के तस बने हैं लोग पहले से ज्यादा असुरक्षित हो गए हैं। सरकार उनकी सुरक्षा के लिए न तो बंकर बना सकी और न ही पांच मरने का प्लाट दे सकी है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा बार्डर भवन बनाने की योजना को सिरे से नकार दिया और कहा कि यह समस्या का समाधान नहीं है। खजूरिया ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सरकार की जन विरोधी और गलत नीतियों को घर-घर जाकर जनता के बीच रखने का आह्वान किया। प्रदर्शन में पूर्व सरपंच जगराम शर्मा, इंद्रेश बिट्टू, सतपाल, विजय कुमार, पूर्व सरपंच वैष्णो दत्त छज्जू राम कैप्टन जनक सिंह, रवि कुमार शर्मा आदि शामिल थे।