अन्य राज्यों से 1288 लोग 475 वाहनों से पहुंचे लखनपुर
विभिन्न राज्यों में फंसे जम्मू-कश्मीर के सैकड़ों लोग हर दिन लौट रहे हैं। रविवार रात 8 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक 24 घंटों में 475 हल्के वाहनों में सवार होकर 1288 लोग दिल्ली पंजाब यूपी हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड व अन्य राज्यों से लौटे हैं।
जागरण संवाददाता, कठुआ : विभिन्न राज्यों में फंसे जम्मू-कश्मीर के सैकड़ों लोग हर दिन लौट रहे हैं। रविवार रात 8 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक 24 घंटों में 475 हल्के वाहनों में सवार होकर 1288 लोग दिल्ली, पंजाब, यूपी, हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड व अन्य राज्यों से लौटे हैं। सभी की लखनपुर में स्क्रीनिग की गई। फिर वहां से कठुआ जिले के रहने वाले और कुछ अन्य का कोरोना टेस्ट के लिए वहीं सैंपल लिया गया।
बाकी सभी को ठंडी खूई भेजा दिया गया। सोमवार को लौटने वालों में सिर्फ कठुआ जिले के 142 लोग शामिल थे। जबकि सांबा के 82, राजौरी व पुंछ के 53 और जम्मू जिले के 683 लोग थे। इसके अलावा डोडा जिले के 14, ऊधमपुर के 91, रियासी के 6, कश्मीर संभाग के 153, रामबन के 7 और लद्दाख के 44 नागरिक दूसरे राज्यों से लौटे हैं। अभी तक स्वास्थ्य विभाग कुल 36920 लोगों का कोरोना टेस्ट करवा चुका है। जबकि जिले में सोमवार को 420 लोगों के अलग-अलग जगह सेंटरों से सैंपल लिए गए। जिले में अभी 1039 लोग होम क्वारंटाइन में और 973 प्रशासनिक क्वारंटाइन हैं।