कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर करें काम करें कार्यकर्ता, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज केंद्र में भाजपा की सरकार होने के कारण देशभर में महंगाई भ्रष्टाचार पेट्रोल डीजल की कीमतें बड़ी है और आज हालत ऐसी बन गई है कि इतनी महंगाई के कारण गरीब लोगों के लिए एक वक्त की रोटी कमाना भी मुश्किल हो रहा है।
मीरां साहिब, संवाद सहयोगी : गांव फिंदड में रविवार को कांग्रेस के सीनियर नेता चरणजीत भगत की देखरेख में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। इस मौके पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को तैयार रहने और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए विशेष पहल करने को कहा गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश सचिव पंडित पवन रैना, जिला ग्रामीण उप प्रधान सरपंच रविंद्र सिंह के अलावा पार्टी के अन्य नेता भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर पंडित पवन रैना, रविंदर सिंह, चरणजीत भगत, बलदेव राज, दलजीत सिंह सहित अन्य नेताओं ने कहा कि गांव-गांव में इस तरह की बैठक करने का एक ही मकसद कार्यकर्ताओं को संगठित करना है। ताकि भाजपा का मुकाबला किया जाए।कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि आज केंद्र में भाजपा की सरकार होने के कारण देशभर में महंगाई भ्रष्टाचार पेट्रोल डीजल की कीमतें बड़ी है और आज हालत ऐसी बन गई है कि इतनी महंगाई के कारण गरीब लोगों के लिए आज एक वक्त की रोटी कमाना भी मुश्किल हो रहा है। घर के अगर पांच सदस्य हैं तो पांचों को आज काम करना पड़ेगा, तभी उनका गुजारा चल सकेगा।
कांग्रेस नेता चरणजीत भगत ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण ही आज लोगों को केवल कांग्रेस पार्टी में ही अपना भविष्य सुरक्षित नजर आ रहा है। लोगों को पार्टी से जोड़ना कार्यकर्ताओं का काम है। कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि राहुल गांधी और श्रीमती सोनिया गांधी के हाथ मजबूत किए जा सकें।
उन्होंने कहा कि लोग आगामी विधानसभा चुनावों में जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस की सरकार देखना चाहते हैं। इसके अलावा लोकसभा चुनावों के बाद भी केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व में ही सरकार बन सकती है। केवल इसके लिए कार्यकर्ताओं को मेहनत से काम करना होगा। बैठक के बाद गांव में ही खोले गए एक नए रेस्टोरेंट का भी कांग्रेस नेताओं ने उद्घाटन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। मीरां साहिब के गांव फिंदड में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित बैठक के दौरान अपने विचार रखते हुए पार्टी के सीनियर नेता चरणजीत भगत और उपस्थित पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।