Weekend Lockdown In Jammu: जम्मू अनाज मंडी में इस सप्ताह से खत्म होगा वीकेंड लॉकडाउन
Weekend Lockdown In Jammu जम्मू की इस सबसे बड़ी अनाज मंडी में 24 अप्रैल को वीकेंड लॉकडाउन शुरू किया गया था। कोरोना की दूसरी लहर ने जब जम्मू में दस्तक दी थी तो उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने व्यापारियों से बाजारों में भीड़ कम करने का आग्रह किया था।
जम्मू, जागरण संवाददाता: जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट में पिछले करीब ढाई महीने से जारी वीकेंड लॉकडाउन इस सप्ताह से खत्म हो रहा है। जम्मू में कोरोना के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट और प्रदेश प्रशासन की ओर से जम्मू समेत 16 जिलों में अतिरिक्त रियायतें दिए जाने के फैसले के बाद ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट ने इस सप्ताह से अपना स्वैच्छिक वीकेंड लॉकडाउन भी खत्म करने का फैसला लिया है।
जम्मू की इस सबसे बड़ी अनाज मंडी में 24 अप्रैल को वीकेंड लॉकडाउन शुरू किया गया था। कोरोना की दूसरी लहर ने जब जम्मू में दस्तक दी थी तो उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने व्यापारियों से बाजारों में भीड़ कम करने का आग्रह किया था। इस आह्वान पर ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट ने सबसे पहले अपने स्तर पर वीकेंड लॉकडाउन की घोषणा की थी। फेडरेशन ने 24 अप्रैल से वीकेंड लॉकडाउन शुरू किया था।
उसके बाद सरकार की ओर से 29 अप्रैल से वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था जिसके तहत शुक्रवार, शनिवार व रविवार को दुकानें बंद हुई थी। सरकार की ओर से यह लॉकडाउन पिछले महीने खत्म कर दिया गया था लेकिन फेडरेशन ने अपने स्तर पर वीकेंड लॉकडाउन जारी रखा। फेडरेशन ने पिछले तीन सप्ताह मंडी में स्वैच्छिक वीकेंड लॉकडाउन रखा और अब इसे समाप्त करने का फैसला लिया है।
फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि अगर दुर्भाग्य से कोरोना की तीसरी आती भी है तो फेडरेशन इसके लिए तैयार है। वीकेंड लॉकडाउन भी इसी तैयारी का एक हिस्सा था। अब हालात चूंकि सामान्य है और सरकार ने भी रियायतें बढ़ाई है, लिहाजा मंडी में वीकेंड लॉकडाउन फिलहाल समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
गुप्ता ने कहा कि अगर दोबारा कहीं हालात बिगड़ते है तो फेडरेशन उस पर अपना आगे का फैसला लेगी।