विजयपुर नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी खतरे में
विजयपुर नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया है।
संवाद सहयोगी, विजयपुर : विजयपुर नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। कुल तेरह में से आठ वार्ड सदस्यों ने समर्थन वापस लेते हुए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। अब सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार का फ्लोर टेस्ट है।
दरअसल, शुक्रवार को ही कुल आठ वार्ड सदस्यों ने समर्थन वापस ले लिया। नगरपालिका प्रशासन में इस बात की चर्चा चल रही थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पा रही थी। रविवार को अचानक अविश्वास प्रस्ताव सामने आया, जिसमें दो काग्रेस के राजन शर्मा, नीलम देवी और छह निर्दलीय वार्ड सदस्य गणेश शर्मा, रवि कुमार फाला, मधु शर्मा, मदन लाल डोगरा, दर्शन लाल का हस्ताक्षर हैं। अविश्वास प्रस्ताव म्युनिसिपल अधिकारी अजय संगड़ा को दिया गया। हालांकि वार्ड संख्या 9 के सदस्य नीलम देवी का दावा है कि नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर उनसे जो हस्ताक्षर करवाया गया है, वह धोखे से। उसके बारे में उन्हें कुछ पता नहीं था। नीलम के मुताबिक वह बीमार थी। उन्होंने कुछ समझे बिना हस्ताक्षर कर दिया। लिहाजा उन्होंने म्यूनिसिपल अधिकारी से आग्रह किया है कि उनके हस्ताक्षर को खारिज किया जाए।
इस पर नगरपालिका अध्यक्ष दीपक कुमार का कहना है कि वार्ड सदस्य नीलम देवी से बिना कुछ बताए धोखे से हस्ताक्षर करवाया गया है। इसकी जाच होनी चाहिए। नीलम के अलावा बाकी सदस्यों से भी कुछ लोग डरा-धमका कर दबाव में हस्ताक्षर करवाया है। ज्ञात रहे कि नगरपालिका अध्यक्ष दीपक का सोमवार को म्यूनिसिपल अधिकारी के समक्ष फ्लोर टेस्ट होगा।