Jammu: नाके पर तैनात पुलिस पार्टी पर तेजधार हथियार और पत्थरों से हमला
मोटरसाइकिल से उतरते ही उसने तेजधार हथियार किरच निकाल पर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई गुरदेव सिंह घायल हो गया। एएसआई पर हमला करने के बाद शकील अहमद भाग निकला। नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता: बागे बाहू थानातंर्गत रगूड़ा इलाके में नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों पर एक मोटरसाइकिल सवार ने तेजधार हथियार किरच से हमला करने के साथ पथराव कर दिया। इस हमले में दो पुलिस कर्मियों को चोटें आ गई। नाके पर तैनात अन्य पुलिस कर्मियों ने हमलावर शकील अहमद निवासी रगूड़ा को गिरफ्तार कर लिया। हमले में प्रयुक्त किरच को भी बरामद कर लिया गया।
शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब एएसआई गुरदेव सिंह की देखरेख में पुलिस कर्मियों ने रगूडा में नाका लगया। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया। नाके पर रुकने की बजाए मोटरसाइकिल सवार नाका तोड़ कर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने मोटरसाइकिल सवार को भागने नहीं किया।
मोटरसाइकिल से उतरते ही उसने तेजधार हथियार किरच निकाल पर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई गुरदेव सिंह घायल हो गया। एएसआई पर हमला करने के बाद शकील अहमद भाग निकला। नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया। शकील इस दौरान एक छोटी पहाड़ी पर चढ़ गया और वहां से पुलिस कर्मियों पर पथराव करने लगा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने शकील का पीछा कर उसे दबोच लिया।
शकील के पास से पुलिस ने किरच को बरामद कर लिया जिससे उसने पुलिस कर्मियों पर हमला किया था। एसडीपीओ सिटी ईस्ट जम्मू विक्रम कुमार के अनुसार शकील के विरुद्ध पहले भी कई पुलिस थानों में मामले दर्ज है। उसके आपराधिक रिकार्ड को जुटाया जा रहा है।