OGW Arrested: अवंतीपोरा से जैश-ए-मोहम्मद के दो ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
गिरफ्तार ओजीडब्ल्यू की पहचान बिलाल अहमद चोपन निवासी वागद त्राल और मुर्सलीन बशीर शेख निवासी चटमाल पांपोर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे जैश से संबंधित जानकारी हासिल की जा रही है।
श्रीनगर, जेएनएन। कश्मीर में संक्रिय आतंकवादियों को सहायता दे रहे ओवरग्राउंड वर्करों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। घाटी में आतंकवाद को खत्म करने के लिए पुलिस उन्हें सहायता प्रदान करने वाले ओजीडब्ल्यू का भी पता लगा रही है। आज सुबह इसी अभियान के तहत कश्मीर पुलिस ने दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा के त्राला इलाके से जैश-ए-मोहम्मद के दो ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि वे पिछले काफी महीनों से अवंतीपोरा में सक्रिय आतंकवादियो की मदद करने वाले ओजीडब्ल्यू का पता लगा रही थी। इकसे लिए उन्होंने अपने तंत्रों को भी सक्रिय किया हुआ था। जिन लोगों पर उन्हें शक है, उन पर नजर भी रखी जा रही थी। आज उनके विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि त्राल में जैश-ए-मोहम्मद के दो ओवरग्राउंड वर्कर देखे गए हैं। ये लोग पांपोर और त्राल में आने वाले आतंकियों तक हथियार, खाद्य सामग्री समेत अन्य जरूरत का सामान पहुंचाने का काम करते थे। यही नहीं पुलिस या फिर सेना के घेरे में फंसने पर उन्हें सुरक्षित निकालते भी थे।
सूचना मिलते ही पुलिस व सेना के जवानों ने दोनों ओवरग्राउंड वर्करों को घेरने के लिए जाल बिछाया और अभियान के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ओजीडब्ल्यू की पहचान बिलाल अहमद चोपन निवासी वागद त्राल और मुर्सलीन बशीर शेख निवासी चटमाल पांपोर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे जैश से संबंधित जानकारी हासिल की जा रही है।
पुलिस ने दावा किया है कि इन दोनों से पूछताछ के बाद इलाके में और छापामारी भी हो सकती हैं।