Ceasefire Violation: पाकिस्तान ने बालाकोट में किया सीजफायर उल्लंघन, गोलाबारी में 2 जवान घायल
इस गोलाबारी में छर्रे लगने से दो भारतीय जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 14 पंजाब रेजिमेंट में नायब सूबेदार सतपाल और हवलदार धर्मपाल शामिल हैं।
पुंछ, जेएनएन। जिला पुंछ के बालाकोट सेक्टर में आज तड़के पाकिस्तानी सैनिकों ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए गोलाबारी की। इस गोलाबारी में दो भारतीय जवान भी घायल हुए हैं। दोनों घायलों को सेना अस्पताल राजौरी में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा पर स्थित बालाकोट सेक्टर में तड़के पाकिस्तानी सैनिकों ने अचानक गोलाबारी शुरू कर दी। सीमा की सुरक्षा में मुस्तैदी से तैनात जवानों की चौकियों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने माेर्टार दागना शुरू कर दिए। इस गोलाबारी में छर्रे लगने से दो भारतीय जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 14 पंजाब रेजिमेंट में नायब सूबेदार सतपाल और हवलदार धर्मपाल शामिल हैं। हालांकि दोनों घायलों को तुरंत वहां से निकाल सेना अस्पताल राजौरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डाक्टरों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है।
इस बीच भारतीय जवानों ने भी पाक सेना को मुंहतोड़ जवाब देते हुए बड़े हथियारों का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि सेना की इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी चौकियों को नुकसान पहुंचा है और उनके सैनिक भी घायल हुए हैं। हालांकि अधिकारिक तौर पर अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं गोलाबारी के बाद सेना ने बालाकोट सेक्टर के साथ लगते रिहायशी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।