Coronavirus Effect: वीरवार को दूसरे दिन भी नहीं चली बसें-मिनी बसें, यात्री हुए दरबदर
ट्रांसपोर्टरों की इस अघोषित हड़ताल के चलते जम्मू रेलवे स्टेशन व शहर के मुख्य बस अड्डे पर यात्री दरबदर होते नजर आए। रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की बसों की संख्या कम होने की वजह से यात्रियों को घंटों यहां इंतजार करना पड़ा।
जम्मू, जागरण संवाददाता: प्रदेश सरकार की ओर से जारी नई कोविड-19 गाइडलाइंस के तहत 50 फीसद सवारियों के साथ बसें-मिनी बसें चलाने के आदेश के विरोध में वीरवार को दूसरे दिन भी सभी निजी बसें व मिनी बसें बंद रही। ट्रांसपोर्टरों ने साफ किया है कि वे 50 फीसद सवारियाें के साथ गाड़ी नहीं चलाएंगे।
अगर सरकार चाहती है कि ट्रांसपोर्टर 50 प्रतिशत सवारियों के साथ गाड़ी चलाए तो सरकार को 50 प्रतिशत किराया बढ़ाना होगा। इसके चलते वीरवार को दूसरे दिन भी ट्रांसपोर्टरों ने बसें व मिनी बसें नहीं चलाई। इस कारण शहर के विभिन्न हिस्सों के अलावा अन्य जिलों से आने वाले यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यातायात सेवाएं चलती रहे, इसके लिए रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की ओर से अपनी बसें चलाई जा रही है लेकिन इनकी संख्या कम होने से यात्रियों को या तो पैदल जाना पड़ रहा है, या घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ट्रांसपाेर्टरों ने साफ कहा है कि जब तक सरकार किराया नहीं बढ़ाएगी, वे गाड़ी नहीं चलाएंगे। ऐसे में यात्रियों को आने वाले दिनों में भी इस समस्या से जूझना पड़ेगा।
ट्रांसपोर्टरों की इस अघोषित हड़ताल के चलते जम्मू रेलवे स्टेशन व शहर के मुख्य बस अड्डे पर यात्री दरबदर होते नजर आए। रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की बसों की संख्या कम होने की वजह से यात्रियों को घंटों यहां इंतजार करना पड़ा। काफी संख्या में लोग सामान सर पर उठाकर अपने गंतव्य को जाते देखे गए। हालांकि इस दौरान थ्री-व्हीलर चलते रहे और अधिकतर यात्रियों ने थ्री-व्हीलर से अपना सफर तय किया।
इस बीच थ्री-व्हीलर चालकों द्वारा यात्रियों से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें भी आने लगी है। यात्रियों का आरोप है कि बस व मिनी बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण ये लोग मनमाना किराया वसूल रहे हैं।