डेंगू से बचाव के लिए नगर निगम ने शुरू किया फागिग अभियान
नगर निगम ने शहर में बढ़ते मच्छरों और डेंगू के खतरे के मद्देनजर फागिग अभियान शुरू किया है। विभिन्न वार्डों में इस अभियान को चलाया जा रहा है। संबंधित कारपोरेटर की देखरेख और प्राथमिकता के आधार पर मुहल्लों में फागिग की जा रही है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : नगर निगम ने शहर में बढ़ते मच्छरों और डेंगू के खतरे के मद्देनजर फागिग अभियान शुरू किया है। विभिन्न वार्डों में इस अभियान को चलाया जा रहा है। संबंधित कारपोरेटर की देखरेख और प्राथमिकता के आधार पर मुहल्लों में फागिग की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को शहर के वार्ड नंबर 44, नानक नगर में फागिग अभियान चलाया गया। इससे पहले वार्ड नंबर 47 बाहूफोर्ट क्षेत्र में अभियान चलाया गया था। इतना ही नहीं गांधीनगर में भी फागिग की गई। वार्ड नंबर 44 में कॉरपोरेटर इंद्र सिंह सूदन की देखरेख में मुख्य सड़कों व मुहल्लों में आटो से फागिग की गई। कॉरपोरेटर ने कहा कि नानक नगर-प्रीत नगर मार्ग के अलावा बीच की मुख्य गलियों में आटो से फागिग की गई ताकि मच्छरों की पैदावार को रोक कर लोगों को मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों से बचाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बरसात के दौरान घरों में जमा होने वाले पानी को निकाल दें। घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। इस दौरान डेंगू फैलने का भी खतरा रहता है।
वहीं कॉरपोरेटर शारदा कुमारी ने कहा कि फागिग अभियान चलाकर बावे माता मंदिर परिसर समेत विभिन्न मुहल्लों में फागिग की गई ताकि वार्ड वासियों को बीमारियों से बचाया जा सके। लोगों से अपील की गई कि वे साफ-सफाई रखें। घरों के आसपास पानी जमा न होने दें। घरों की छतों, आसपास पड़े टायर, कूलर व अन्य चीजों में रहने वाले पानी से डेंगू का खतरा रहता है। मच्छरों को पनपने से बचाने के लिए जरूरी है कि खुद भी जागरुक हुआ जाए। डा. संयोगिता सूदन, हेल्थ आफिसर, नगर निगम ने बताया कि नगर निगम शहर भर में फागिग अभियान चला रहा है। रोज ही किसी न किसी वार्ड में यह अभियान जारी रखा जा रहा है। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है, ताकि मच्छरों की पैदावार रोकी जा सके। लोग भी सतर्क व जागरूक रहें, तभी बचाव संभव है।