Jammu Kashmir: पुंछ में चलती कार पर पेड़ गिरने से तीन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
पुंछ नगर के निकटवर्ती इलाका कनुइया में चलती कार पर पेड़ गिरने से उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उपचार के लिए पुंछ के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उनका इलाज जारी है।
पुंछ, संवाद सहयाेगी। पुंछ नगर के निकटवर्ती इलाका कनुइया में चलती कार पर पेड़ गिरने से उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए हैं। उन्हें तुरंत स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उपचार के लिए पुंछ के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह शौकत हुसैन परिवार सहित अपनी कार जेके02ऐजे 6240 पर सवार होकर सुरनकोट के लसाना गांव से पुंछ मुख्यालय की तरफ जा रहा थे कि करीब सुबह 7:30 पुंछ मुख्यालय से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर शेर ए कश्मीर पुल के नजदीक कनुईया इलाके में तेज बारिश के साथ तेज हवा के बीच चलती कार पर अचानक पेड़ गिर गया। इससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें सवार दो पुरुष और एक महिला कार के बीच में ही फंस गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए। इसी दौरान घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई। जेसीबी को घटनास्थल पर बुलाया गया और उसकी मदद से कार पर गिरे पेड़ को हटाया जा सका। इसके उपरांत तीनों घायलों को पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। घायलों का इलाज कर रहे डाक्टर का कहना है कि तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है।