जम्मू के गली-चौराहों पर शान से लहराया तिरंगा, कोरोनाकाल में भी दिखा खासा उत्साह-जोश
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू की ओर से हर साल की तरह इस बार भी जानीपुर स्थित हाईकोर्ट परिसर में बनाए गए झंडा चौक में तिरंगा झंडा लहराया गया।
जम्मू, जागरण संवाददाता: देश का 74वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ जम्मू शहर के हर गली-मुहल्ले व चौक-चौराहों पर तिरंगा झंडा फहराकर मनाया गया। कोरोना महामारी से पैदा हुए विपरीत हालात के बावजूद स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह दिखा और हर किसी ने अपने क्षेत्र में तिरंगा झंडा लहराकर आजादी के जश्न को मनाया। इस दौरान हालांकि पहले जैसे उत्सव का माहौल नहीं था और अधिकांश क्षेत्रों में इस बार न तो इस खुशी के मौके पर प्रसाद के लंगरों का आयोजन था और न ही चौक चौराहों पर डीजे पर लोग नाचते-गाते नजर आए लेकिन कई चौक चौराहों पर देशभक्ति से ओतप्रोत गीत कार्यक्रमों को खास बना रहे थे।
जम्मू मेयर चंद्रमोहन गुप्ता ने म्यूनिसिपल कमिश्नर अवनी लवासा की उपस्थिति में आज राष्ट्रीय ध्वज जम्मू नगर निगम टाउन हॉल कॉम्प्लेक्स में फहराया। उन्होंने नगर निगम के सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना भी की। उन्होंने आगे भी इसी समर्पण भाव, कड़ी मेहनत और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरा करने पर जोर दिया। वही म्यूनिसिपल कमिश्नर अवनी लवास ने अपने संबोधन में कर्मचारियों व अधिकारियों से आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए कहा। उन्होंने कोविड -19 महामारी के कठिन समय में स्वच्छ जम्मू और हरे जम्मू पर अधिक ध्यान पर बल देेते हुए आम जनता को इस संबंध में जागरूक करने पर भी बल दिया।
जम्मू नगरनिगम के कारपोरेटरों ने अपने-अपने वार्ड में क्षेत्रीय लोगों के साथ तिरंगा झंडा लहराकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की मुबारकबाद दी तो वहीं कई व्यापारिक संगठनों ने भी अपने बाजारों में तिरंगा झंडा लहराकर सलामी दी। स्वतंत्रता दिवस पर लोग ध्वजारोहण कर सके, इसके लिए वीकेंड लॉकडाउन के बीच भी लोगों की आवाजाही पर किसी तरह की रोक नहीं थी। आमतौर पर लॉकडाउन में शहर की सड़कों पर तारबंदी कर दी जाती है लेकिन शनिवार को कहीं पर भी ऐसी तारबंदी नहीं थी। लॉकडाउन के चलते बाजार बंद रहे लेकिन लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र में शारीरिक दूरी अपनाकर तिरंगा झंडा लहराया।
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू की ओर से हर साल की तरह इस बार भी जानीपुर स्थित हाईकोर्ट परिसर में बनाए गए झंडा चौक में तिरंगा झंडा लहराया गया। एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट अभिनव शर्मा ने अपने पदाधिकारियों व अन्य सदस्यों की मौजूदगी में तिरंगा झंडा लहराया। इस दौरान एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सीनियर एडवोकेट बीएस सलाथिया को श्रद्धांजलि भी दी गई जिनका गत माह निधन हो गया था। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी अपने-अपने कार्यालय में तिरंगा झंडा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।