Jammu : मीरां साहब इलाके में तूफान ने बिजली ढांचे को पहुंचाया नुकसान, 15 घंटे बिजली ठप रही
रात आठ बजे के करीब आंधी और तेज बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा। पोल उखड़ कर जमीन पर गिर गए। इससे करीब 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। दूसरे दिन शनिवार की सुबह 11 बजे लाइट बहाल हो सकी।
मीरां साहिब, संवाद सहयोगी : मीरां साहिब इलाके में शुक्रवार रात आठ बजे के करीब आंधी और तेज बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचा। पोल उखड़ कर जमीन पर गिर गए। इससे करीब 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। दूसरे दिन शनिवार की सुबह 11 बजे लाइट बहाल हो सकी। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ज्ञात रहे कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिसके चलते लोग बारिश की दुआ कर रहे थे। बारिश भी हो गई, लेकिन आंधी ने लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी।
कई जगहों पर पेड़ टूट गए। कच्चे मकानों की छत तक उड़ गई, जिसके चलते काफी नुकसान हुआ। जगह-जगह सड़कों पर पेड़ टूट कर बिजली तारों पर गिर गए, जिनको हटाने के लिए कर्मचारियों को सुबह कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और कर्मचारियों ने टूटी तारों को जोड़ा। जानकारी के अनुसार गांव तूतड़े के पास सड़क किनारे बिजली का पोल तूफान के कारण उखड़ गया। इसके अलावा दो लोगों के कच्चे घरों की टिन की छत हवा में उड़ गई। बारिश होने के कारण क्षेत्र के किसानों ने काफी राहत महसूस की कि पिछले कई दिनों से धान की फसल को लगाने के लिए पानी का इंतजार कर रहे थे।
किसान भगवान से प्रार्थना कर रहे थे कि बारिश हो भगवान ने किसानों को सुन ली। लगातार दूसरे दिन रात को हुई बारिश के कारण किसान भी धान की फसल को लगाने में जुट गए हैं। उधर बिजली विभाग के एईई अभिनीत गुप्ता ने बताया कि रात को आई आंधी तूफान के कारण कई गांवों में बिजली के खंभे उखड़ गए थे। कई पेड़ टूटकर बिजली तारों पर गिरे थे जिन्हें कर्मचारियों ने शनिवार सुबह ठीक कर लिया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।